हेडफोन में पाए गए कैंसर पैदा करने वाले केमिकल: किडनी-लिवर को भी नुकसान का खतरा, रिसर्च में खुलासा

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Wed, 25 Feb 2026 05:10 PM IST
सार

हेडफोन हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन एक नई रिसर्च में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कई नामी ब्रांड्स के हेडफोन्स में ऐसे जहरीले केमिकल मिले हैं जो कैंसर, हार्मोन गड़बड़ी और अंगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

hazardous hemicals found in headphones cause cancer kidney fail hormonal imbalance toxfree report
हेडफोन के निकलने वाले केमिकल से खतरा - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    हेडफोन के शौकीनों के लिए एक डराने वाली खबर सामने आई है। एक अंतरराष्ट्रीय शोध में पाया गया है कि नामी ब्रांड्स के हेडफोन्स में कैंसर और हार्मोन असंतुलन पैदा करने वाले खतरनाक रसायन मौजूद हैं। पसीने और गर्मी के कारण ये जहरीले तत्व सीधे आपकी त्वचा के जरिए शरीर में प्रवेश कर सकते हैं।

    मध्य यूरोपीय देशों के नागरिक समूहों की साझेदारी वाले 'टॉक्स फ्री लाइफ फॉर ऑल' प्रोजेक्ट की एक रिसर्च में बड़े खुलासे हुए हैं। उन्होंने चेक रिपब्लिक, हंगरी और ऑस्ट्रिया जैसे देशों के बाजारों के साथ-साथ शीन (Shein) और तेमू (Temu) जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से 81 जोड़ी हेडफोन खरीदे और इन्हें लैब टेस्ट के लिए भेजा, जिनके नतीजे बेहद चौंकाने वाले आए। जांच किए गए हर एक हेडफोन में इंसानी सेहत को नुकसान पहुंचाने वाले खतरनाक केमिकल पाए गए।

    हैरानी की बात यह है कि इस लिस्ट में केवल सस्ते हेडफोन ही नहीं, बल्कि बोस, पैनासॉनिक, सैमसंग और सेनाइजर जैसे प्रीमियम ब्रांड्स के नाम भी शामिल हैं। रिसर्च में दावा किया गया कि इनके प्लास्टिक और रबर वाले हिस्सों में ऐसे खतरनाक केमिकल्स का इस्तेमाल किया जा रहा है जो मानव शरीर के लिए जहर के समान हैं।

    पसीने से शरीर के अंदर चले जाते हैं केमिकल

    विशेषज्ञों का कहना है कि ये केमिकल्स केवल बाहरी कोटिंग तक सीमित नहीं रहते। जब हम हेडफोन पहनकर एक्सरसाइज करते हैं या लंबे समय तक इनका इस्तेमाल करते हैं, तो शरीर की गर्मी और पसीने के कारण ये केमिकल प्लास्टिक से निकलकर सीधे त्वचा में समाने लगते हैं।

    हेडफोन
    हेडफोन - फोटो : एआई जनरेटेड

    इनका तुरंत कोई बड़ा असर नहीं दिखता, लेकिन लंबे समय तक इनका संपर्क कैंसर, दिमागी विकास में रुकावट और हार्मोनल समस्याओं का कारण बन सकता है। खासकर किशोरों के लिए यह बहुत चिंता का विषय है।

    इन खतरनाक केमिकल्स से है बीमारी का खतरा

    जांच में कई तरह के हानिकारक केमिकल पाए गए हैं, जिनमें से मुख्य ये हैं:

    बिस्फेनॉल ए और एस (BPA & BPS):

    लगभग 98% हेडफोन्स में ये पाए गए। ये रसायन शरीर के प्राकृतिक हार्मोन 'एस्ट्रोजन' की नकल करते हैं। इससे पुरुषों में मर्दानगी कम होना, लड़कियों में समय से पहले प्यूबर्टी और कैंसर जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

    थैलेट्स:

    ये प्रजनन क्षमता को कम करते हैं और नपुंसकता का कारण बन सकते हैं।

    पैराफिन और फ्लेम रिटार्डेंट्स:

    ये लिवर और किडनी को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ शरीर के एंडोक्राइन सिस्टम को पूरी तरह बिगाड़ सकते हैं।

    और पढ़ें...