चीन को एक और झटका: सरकार ने लैपटॉप, टैबलेट और कंप्यूटर के आयात पर लगाई पाबंदी
विदेश व्यापार महानिदेशालय द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, "वैध लाइसेंस के आधार पर इन चीजों के सीमित आयात की अनुमति दी जाएगी। एचएसएन 8741के अंतर्गत आने वाले अल्ट्रा स्मॉल फॉर्म फैक्टर कंप्यूटर और सर्वर के आयात पर भी पाबंदी लगाई गई है।

विस्तार
सरकार ने लैपटॉप, टैबलेट और कंप्यूटर के आयात पर तत्काल प्रभाव से पाबंदी लगा दी है। विदेश व्यापार महानिदेशालय द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, "वैध लाइसेंस के आधार पर इन चीजों के सीमित आयात की अनुमति दी जाएगी। एचएसएन 8741के अंतर्गत आने वाले अल्ट्रा स्मॉल फॉर्म फैक्टर कंप्यूटर और सर्वर के आयात पर भी पाबंदी लगाई गई है।
मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि एक शर्त के साथ आयात की अनुमति दी जाएगी कि आयातित सामान का उपयोग केवल बताए गए उद्देश्यों के लिए किया जाएगा ना कि बेचा जाएगा। इसके अलावा शर्त में यह भी शामिल है कि इस्तेमाल के बाद उत्पादों को नष्ट कर दिया जाएगा या फिर से निर्यात किया जाएगा।
यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि सरकार ने यह फैसला ऐसे वक्त पर लिया है जब मेक इन इंडिया पर पूरा जोर दिया जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग निकाय मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के पूर्व महानिदेशक अली अख्तर जाफरी ने कहा, "इस कदम का उद्देश्य विनिर्माण को भारत में बढ़ावा देना है और यह एक सकारात्मक फैसला है। हम इसका स्वागत करते हैं।