iPhone 13 सीरीज: गूगल ने बंद हो चुके अपने 'फोन' से नए आईफोन को लेकर किया ट्वीट, लोग हैरान
गूगल नेक्सस के अकाउंट से ट्वीट हुआ 'मैं #Pixel6 का इंतजार करूंगा, ('I'd wait for #Pixel6). आपकी जानकारी के लिए बता दें कि @GoogleNexus अकाउंट से आखिरी ट्वीट 16 अक्तूबर 2017 को हुआ था और गूगल ने नेक्सस सीरीज को भी बंद कर दिया है।

विस्तार
जब भी आईफोन की लॉन्चिंग होती है तो सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन और मीम्स की बाढ़ आ जाती है। इस साल भी iPhone 13 सीरीज की लॉन्चिंग के साथ भी ऐसा ही हुआ। दुनियाभर के तमाम सोशल मीडिया यूजर्स ने iPhone 13 सीरीज को लेकर अपने-अपने विचार शेयर किए ही, लेकिन गूगल ने एक ऐसा ट्वीट कर दिया जिसे लोग चौंक गए।
आईफोन 13 सीरीज की लॉन्चिंग के बाद गूगल ने अपने स्मार्टफोन Nexus के ट्विटर हैंडल से अपने अपकमिंग फोन को लेकर ट्वीट किया। गूगल नेक्सस के अकाउंट से ट्वीट हुआ 'मैं #Pixel6 का इंतजार करूंगा, ('I'd wait for #Pixel6). आपकी जानकारी के लिए बता दें कि @GoogleNexus अकाउंट से आखिरी ट्वीट 16 अक्तूबर 2017 को हुआ था और गूगल ने नेक्सस सीरीज को भी बंद कर दिया है।
गूगल नेक्सस के ट्विटर हैंडल से 14 जुलाई 2019 तक कस्टमर सपोर्ट को लेकर रिप्लाई किए गए हैं। उसके बाद इस अकाउंट को प्राइवेट कर दिया गया था लेकिन आईफोन 13 सीरीज की लॉन्चिंग के बाद इस अकाउंट के एक ट्वीट ने सबको हैरान कर दिया है।
बता दें कि इस साल के अंत तक गूगल के नए पिक्सल फोन की लॉन्चिंग होने वाली है। लॉन्चिंग से पहले एक बड़ी खबर यह है कि गूगल अपने पिक्सल स्मार्टफोन के लिए खुद का प्रोसेसर लॉन्च करेगा। बता दें कि पिछले 15 सालों से गूगल अपने पिक्सल फोन में क्वॉलकॉम का प्रोसेसर इस्तेमाल कर रहा है।
गूगल के अपकमिंग पिक्सल फोन में इस्तेमाल होने वाले प्रोसेसर का नाम Tensor होगा। इसी प्रोसेसर के साथ Pixel 6 और Pixel 6 Pro फोन को लॉन्च किया जाएगा। गूगल ने हाल ही में एक प्रमोशनल वीडियो शेयर किया है। कंपनी ने आधे मिनट का टीजर वीडियो शेयर किया है। वीडियो में स्मार्टफोन्स के डिजाइन के बारे में बताया और दिखाया गया है। गूगल इन दोनों स्मार्टफोन्स को 'फॉर ऑल यू आर' टैगलाइन के जरिए प्रमोट कर रहा है।