अलर्ट: आग लगने के बाद कंपनी ने वापस मंगाई यह स्मार्टवॉच, ग्राहकों को मिलेगा 22 हजार का रिफंड
Fitbit Ionic को फिटबिट ने सितंबर 2017 में लॉन्च किया था। Fitbit Ionic में एक्टिविटी ट्रैकिंग से लेकर स्लीप ट्रैकिंग तक के फीचर्स हैं।

विस्तार
गैजेट में खराबी होने के बाद अभी तक सिर्फ एपल ही ऐसी इकलौती कंपनी थी जो अपने प्रोडक्ट वापस मंगाती थी और रिप्लेस करती थी। गाड़ियों में खराबी आने के बाद उनका वापस मंगाया जाना आम बात है। अब एक बड़ी कंपनी ने अपनी स्मार्टवॉच को वापस मंगाया है और यह कंपनी कोई और नहीं बल्कि गूगल के स्वामित्व वाली Fitbit है। कई स्मार्टवॉच में आग लगने के बाद कंपनी ने उन्हें वापस मंगाने का फैसला लिया है। Fitbit को स्मार्टवॉच के गर्म होने और आग लगने की 100 से अधिक शिकायतें मिली हैं। आइए जानते हैं इस पूरे मामले को...
Fitbit Ionic को फिटबिट ने सितंबर 2017 में लॉन्च किया था। Fitbit Ionic में एक्टिविटी ट्रैकिंग से लेकर स्लीप ट्रैकिंग तक के फीचर्स हैं। दिसंबर 2021 तक केवल अमेरिका में कंपनी ने 10 लाख से अधिक Fitbit Ionic बेचे हैं, जबकि ग्लोबली इस वॉच की 6,93,000 यूनिट की बिक्री हुई है। इसमें भारतीय बाजार भी शामिल है। Fitbit Ionic के कई सारे मॉडल के गर्म होने की शिकायत आ रही है।
Fitbit Ionic में गर्म होने और आग लगने की शिकायत के बाद Fitbit ने इस वॉच को वापस मंगाया है और ग्राहकों को 299 डॉलर यानी करीब 22,700 रुपये रिफंड के रूप में देने का एलान किया है। इसके अलावा कंपनी ने अमेरिका में Fitbit की अन्य डिवाइस पर 40 फीसदी छूट देने का एलान किया है।