easyfone Shield+ Review: भारत का सबसे मजबूत रग्ड फीचर फोन, पावरबैंक का भी करेगा काम
easyfone Shield+ को वाटर रेसिस्टेंट के लिए IP68 की रेटिंग मिली है। अमेजन पर यह फोन 4,499 रुपये की कीमत पर उपलब्ध है। आइए रिव्यू में जानते हैं कि कैसा है भारत का सबसे मजबूत फीचर फोन?

विस्तार
घरेलू कंपनी easyfone की पहचान ही सीनियर और बुजुर्गों के लिए गैजेट बनाने को लेकर है। कंपनी के पास एक फीचर फोन है जिसका नामeasyfone Shield+है। यह एक रग्ड फीचर फोन है जिसे लेकर दावा है कि यह देश का सबसे मजबूत फीचर फोन है। रग्ड का मतलब एक ऐसे फोन से है जिसका इस्तेमाल रफ एंड टफ तरीके से हो सकता है। easyfone Shield+ को खासतौर पर सीनियर और बुजुर्गों के लिए ही पेश किया गया है। उनके हाथ से कई बार फिर फर्श पर गिर जाता है और कई बार पानी में भी गिर जाता है। इसमें सीनियर और बुजुर्गों के लिए इमरजेंसी SOS बटन दिया गया है। इसके अलावा इस फोन को वाटर रेसिस्टेंट के लिए IP68 की रेटिंग मिली है। अमेजन पर यह फोन 4,499 रुपये की कीमत पर उपलब्ध है। आइए रिव्यू में जानते हैं कि कैसा है भारत का सबसे मजबूत फीचर फोन?

easyfone Shield+ Review: स्पेसिफिकेशन

Easyfone Shield + में 2.8 इंच की कलर डिस्प्ले है। फोन का वाटर रेसिस्टेंट के लिए आईपी68 की रेटिंग मिली है। इसके अलावा यह फोन वाटर, डस्ट और शॉक प्रूफ है। अचानक से हाथ से गिर जाने पर फोन के टूटने का खतरा नहीं है। इसमें 32एमबी की स्टोरेज दी गई है। फोन के साथ बॉक्स में रेट्रो स्टाइल चार्जिंग डॉक, माइक्रो यूएसबी चार्जर, स्क्रू ड्राइवर, 2 जीबी का मेमोरी कार्ड, ओटीजी केबल और बैटरी मिलती है। इस फोन को खासतौर पर बुजुर्गों और माउंटने ट्रेवलर के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें 2जी कनेक्टिविटी मिलती है। फोन का कुल वजन 420 ग्राम है।

easyfone Shield+ Review: डिजाइन और डिस्प्ले

यह वास्तव में मजबूत फोन है। हाथ में लेने के साथ ही आपको इसका अहसास होगा। वैसे तो मैंने कई स्मार्टफोन रिव्यू किए हैं लेकिन easyfone Shield+ जैसा रग्ड फोन पहली बार इस्तेमाल किया है। इस फोन के साथ वास्तव में एक रग्ड फोन की डिजाइन मिलती है। इस डिजाइन के दूसरे फोन आपको शायद ही बाजार में मिलेंगे। इस फोन की बिल्ड क्वॉलिटी मजबूत और काबिल-ए-तारीफ है। फोन की बॉडी प्लास्टिक और रबड़ से बनी है। फोन के टॉप पर हेडफोन जैक और एलईडी टॉर्च है। टॉर्च की रौशनी काफी है।

घने अंधेरे में भी आपको कोई परेशानी नहीं होगी। यदि आपके पास यह फोन है तो आपको किसी टॉर्च को लेकर चलने की जरूरत नहीं है। फोन के लेफ्ट साइड में SOS बटन दिया गया है और नीचे की ओर डॉक चार्जिंग पोर्ट के साथ माइक्रो यूएसबी चार्जिंग पोर्ट को जगह मिली है। सभी तरह के पोर्ट को कलर के साथ सील किया गया है ताकि पानी या धूल के अंदर जाने की गुंजाइश ना हो।

बैटरी रिमूवेबल है और बैटरी के कवर को निकालने के लिए स्कू ड्राइवर का इस्तेमाल करना होगा, क्योंकि कवर को चार स्क्रू के साथ पैक किया गया है। बैक पैनल पर रियर कैमरा और स्पीकर ग्रील है। सिम और मेमोरी कार्ड लगाने के लिए भी बैक कवर को निकालना होगा। फोन देखने में हेवी लगता है लेकिन इस्तेमाल में आसान है।