DIZO Buds Z Review: क्या दो हजार रुपये के अंदर यह एक बेस्ट ईयरबड्स है?
Realme Dizo Buds Z के साथ ENC का सपोर्ट दिया गया है जो कि कॉलिंग के दौरान काफी मदद करता है। इसके अलावा इसमें 10mm का ड्राइलर मिलता है। इसमें एक डायफ्राम दिया गया है जो कि TRU+PEEK पॉलिमर का बना है।

विस्तार
रियलमी के टेकलाइफ ब्रांड डीजो ने बहुत ही जल्द भारतीय बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। डीजो की लोकप्रियता का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि महज 40 दिनों में डीजो ने Dizo Watch 2 स्मार्टवॉच बेचे हैं। डीजो के पास कई सारे ईयरबड्स भी हैं जिनमें से Realme Dizo Buds Z को हमने एक महीने तक इस्तेमाल किया है। Dizo Buds Z की कीमत 1,999 रुपये रखी गई है लेकिन फ्लिपकार्ट की बिग बिलियन डेज सेल में इसे 1,299 रुपये में बेचा गया था। आइए रिव्यू में जानते हैं कि क्या अपनी कीमत में यह वाकई एक बेस्ट ईयरबड्स है।
DIZO Buds Z Review: स्पेसिफिकेशन

Realme Dizo Buds Z के साथ ENC का सपोर्ट दिया गया है जो कि कॉलिंग के दौरान काफी मदद करता है। इसके अलावा इसमें 10mm का ड्राइलर मिलता है। इसमें एक डायफ्राम दिया गया है जो कि TRU+PEEK पॉलिमर का बना है। इसे लेकर क्लियर, नेचुरल वॉयस और डीपर बास का दावा किया गया है। यह ईयरबड्स 88ms सुपर लो लैटेसी गेम मोड के साथ आता है। Dizo Buds Z के प्रत्येक ईयरबड्स में 43mAh की बैटरी है, जबकि चार्जिंग केस में 380mAh की बैटरी दी गई है।

बैटरी बैकअप को लेकर कुल 16 घंटे का दावा है, जबकि प्रत्येक ईयरबड्स के बैकअप का दावा 4.5 घंटे है। दावा है कि 10 मिनट की चार्जिंग में 1.5 घंटे का प्लेबैक मिलेगा। चार्जिंग के लिए इसमें यूएसबी टाईप-सी पोर्ट है। कनेक्टिविटी के लिए Dizo Buds Z में ब्लूटूथ v5 और टच का सपोर्ट है जिसका इस्तेमाल कॉलिंग, मीडिया प्लेबैक, गेम मोड एक्टिव करने आदि में किया जा सकेगा। Realme Link एप से भी बड्स की सेटिंग बदली जा सकेगी। वॉटर रेसिस्टेंट के लिए इसे IPX4 की रेटिंग मिली है।
DIZO Buds Z Review: डिजाइन और बिल्ड

DIZO Buds Z की डिजाइन आकर्षक है। बड्स के केस पर सिलिकॉन जैसी एक कोटिंग है, हालांकि यह कोटिंग स्क्रैच को सहन नहीं कर पाती है। केस की डिजाइन चिपटी है। केस प्लास्टिक की है और बड्स भी प्लास्टिक का ही है। चार्जिंग के लिए नीचे की ओर टाईप-सी पोर्ट मिलता है। बॉक्स में यूएसबी टाईप-सी केबल भी मिलता है। केस पर फ्रंट में कंपनी का लोगो है और उसके ठीक ऊपर इंडिकेटर है। बिल्ड क्वॉलिटी अपनी कीमत में अच्छी है। इसे ऑनिक्स, लीफ ग्रीन और पर्ल व्हाइट कलर में एक साल की वारंटी के साथ खरीदा जा सकता है। प्रत्येक बड्स का वजन 3.7 ग्राम है। बड्स छोटे हैं और फिटिंग भी अच्छी है।