CMF Watch 3 Pro भारत में लॉन्च: चैटजीपीटी सपोर्ट, डुअल-बैंड जीपीएस और 13 दिन की बैटरी, जानें कीमत और फीचर्स

Suyash Pandey
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीSuyash Pandey
Thu, 07 May 2026 03:41 PM IST
सार

CMF Watch 3 Pro:

सीएमएफ ने भारत में अपनी नई और एडवांस स्मार्टवॉच Watch 3 Pro लॉन्च कर दी है। अगर आप एक ऐसी वॉच ढूंढ रहे हैं जिसमें कॉलिंग, शानदार AMOLED स्क्रीन, सटीक GPS और 13 दिन की लंबी बैटरी के साथ-साथ चैटजीपीटी जैसे स्मार्ट एआई फीचर्स भी हों तो यह वॉच आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। किफायती कीमत के साथ यह स्मार्टवॉच उन यूजर्स के लिए एक मजबूत विकल्प बनकर उभरता है जो स्मार्ट फीचर्स और फिटनेस ट्रैकिंग दोनों चाहते हैं।

CMF Watch 3 Pro Launched in India with ChatGPT, Dual GPS and 13-Day Battery
CMF Watch 3 Pro - फोटो : CMF

    विस्तार

    CMF ने अपनी नई धांसू स्मार्टवॉच CMF Watch 3 Pro को आधिकारिक तौर पर भारत में लॉन्च कर दिया है। ग्लोबल मार्केट में तहलका मचाने के बाद अब यह वॉच भारतीय ग्राहकों के लिए उपलब्ध है। इस नई स्मार्टवॉच का मुख्य फोकस शानदार फिटनेस ट्रैकिंग, बेहतरीन बैटरी लाइफ और चैटजीपीटी जैसे एडवांस एआई फीचर्स पर है। आइए आसान भाषा में जानते हैं इस नई स्मार्टवॉच की कीमत, सेल डिटेल्स और इसके सभी खास फीचर्स:

    अभी कम कीमत में बना सकते हैं अपना

    CMF की इस नई वॉच की असली कीमत वैसे तो 7,999 रुपये है, लेकिन अभी लॉन्च के मौके पर कंपनी इस पर डिस्काउंट दे रही है। इससे आप इसे सिर्फ 6,999 रुपये में अपना बना सकते हैं। अगर आप इसे सबसे पहले खरीदना चाहते हैं तो इसकी 'अर्ली एक्सेस सेल' आज यानी 7 मई दोपहर 12 बजे से शुरू हो चुकी है।

    बाकी सभी लोगों के लिए इसकी बिक्री कल यानी 8 मई से शुरू होगी। इसे आप ऑनलाइन फ्लिपकार्ट से या अपने नजदीकी मोबाइल स्टोर से जाकर खरीद सकते हैं। रंगों की बात करें तो इसमें आपको डार्क ग्रे, लाइट ग्रीन, लाइट ग्रे और ऑरेंज जैसे चार कूल कलर्स के विकल्प मिलते हैं।

    डिस्प्ले और डिजाइन

    इस वॉच में 1.43-इंच की बहुत ही साफ और चमकदार AMOLED स्क्रीन दी गई है। यह इतनी ब्राइट है कि तेज धूप में भी आपको स्क्रीन पर सब कुछ साफ-साफ दिखेगा। इसमें 'ऑलवेज-ऑन' फीचर भी है, जिससे समय देखने के लिए आपको बार-बार बटन दबाने या हाथ उठाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, स्क्रीन पर समय हमेशा दिखता रहेगा।

    दिखने में यह वॉच काफी प्रीमियम है क्योंकि इसे मेटल से बनाया गया है और इसके स्ट्रैप्स काफी आरामदायक हैं। अगर आप अपनी पसंद के हिसाब से इसका लुक बदलना चाहते हैं तो इसमें 120 से ज्यादा अलग-अलग डिजाइन (वॉच फेसेस) मिलते हैं।

    मजेदार बात यह है कि आप एआई की मदद से अपना खुद का खास डिजाइन भी तैयार कर सकते हैं। मजबूती के मामले में भी यह पीछे नहीं है, इसे IP68 रेटिंग मिली है। इसका मतलब है कि थोड़ी-बहुत धूल, पसीना या पानी की बौछारें इसका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगी।

    चैटजीपीटी और स्मार्ट फीचर्स

    इस वॉच की सबसे बेहतरीन बात यह है कि इसमें चैटजीपीटी का सपोर्ट मिलता है। इसका मतलब है कि आप सीधे अपनी घड़ी से बोलकर कोई भी सवाल पूछ सकते हैं या रिमाइंडर लगवा सकते हैं और यह आपको तुरंत जवाब दे देगी। इसमें एक और कमाल का फीचर है- वॉयस टू टेक्स्ट।

    अगर आपके पास कुछ लिखने का समय नहीं है तो बस अपनी बात बोलकर रिकॉर्ड कर लीजिए और यह वॉच उसे खुद ही लिखकर नोट्स में बदल देगी। ऑफिस या पढ़ाई के दौरान छोटे-छोटे नोट्स बनाने के लिए यह बहुत ही काम की चीज है।

    इसके अलावा, आप इससे फोन कॉल कर सकते हैं, मैसेज के छोटे जवाब भेज सकते हैं और गाने या फोन का कैमरा भी कंट्रोल कर सकते हैं। यहां तक कि आप बिना स्क्रीन छुए, सिर्फ हाथों के इशारों (जेस्चर) से भी इसे चला सकते हैं। यह वॉच एंड्रॉयड और आईफोन, दोनों के साथ बड़ी आसानी से जुड़ जाती है।

    हेल्थ और फिटनेस फीचर्स

    सेहत और कसरत के मामले में यह वॉच किसी पर्सनल ट्रेनर से कम नहीं है। इसमें 131 अलग-अलग तरह के वर्कआउट और खेल (जैसे रनिंग, साइकिलिंग आदि) को ट्रैक करने की सुविधा है। खास बात यह है कि यह 7 तरह की कसरतों को तो खुद ही पहचान लेती है, यानी आपको बार-बार मोड ऑन करने की झंझट नहीं होगी।

    आपकी सेहत का ख्याल रखने के लिए इसमें कई खास सेंसर्स लगे हैं जो दिन-रात आपकी दिल की धड़कन, खून में ऑक्सीजन (SpO2), तनाव और नींद पर नजर रखते हैं। इसमें महिलाओं की सेहत से जुड़े खास फीचर्स भी दिए गए हैं।

    अगर आपको दौड़ना पसंद है तो इसमें एक एआई रनिंग कोच भी है। यह न सिर्फ आपकी रनिंग की पूरी रिपोर्ट देगा, बल्कि आपको रिकवरी के टिप्स भी बताएगा। साथ ही, कसरत शुरू करने से पहले इसमें 3D वीडियो के जरिए वार्म-अप करने का तरीका भी सिखाया जाता है।

    रही बात लोकेशन की, तो इसमें बहुत ही सटीक डुअल-बैंड जीपीएस दिया गया है। यानी जब आप बाहर रनिंग या ट्रैकिंग पर जाएंगे तो यह आपकी लोकेशन और रास्ते का एकदम सही हिसाब रखेगी।

    कितनी दमदार है बैटरी?

    इस वॉच की बैटरी लाइफ काफी जबरदस्त है, इसलिए आपको इसे बार-बार चार्ज करने की टेंशन नहीं होगी। अगर आप इसे नॉर्मल तरीके से इस्तेमाल करते हैं तो यह एक बार फुल चार्ज करने पर पूरे 13 दिन तक चलेगी। वहीं, अगर आप बहुत ज्यादा फीचर्स और कॉलिंग का इस्तेमाल करते हैं तो भी यह 10 से 11 दिन का साथ दे देगी।

    अगर आप 'ऑलवेज-ऑन डिस्प्ले' (यानी स्क्रीन हमेशा ऑन रखना) पसंद करते हैं तो बैटरी लगभग साढ़े चार दिन चलेगी। लेकिन अगर कभी चार्जर पास न हो तो आप इसके पावर-सेविंग मोड को ऑन कर सकते हैं। इससे यह 60 दिनों तक चालू रह सकती है। चार्जिंग की बात करें तो इसे पूरी तरह (0 से 100%) चार्ज होने में करीब 1 घंटा 40 मिनट का समय लगता है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें