CES 2026: ट्रांसपेरेंट टीवी से लेकर घर का काम करने वाले रोबोट्स तक, जानिए तकनीक के महाकुंभ में क्या होगा खास
CES 2026 What To Expect:
साल का सबसे बड़ा टेक इवेंट CES 2026 लास वेगास में शुरू होने जा रहा है। 6 जनवरी से सजने वाले इस मेले में AI, एडवांस रोबोटिक्स और भविष्य के गैजेट्स का जलवा दिखेगा। लैपटॉप से लेकर फोल्डेबल स्मार्टफोन तक, यहाँ जानिए तकनीक की दुनिया में क्या कुछ खास होने वाला है।

विस्तार
अमेरिका के शहर लस वेगास में हर साल होने वाला कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक शो (CES) टेक जगत की दिशा तय करता है। इस बार यह शो और भी बड़ा होने जा रहा है। दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियां लास वेगास में इकट्ठा होकर आने वाले साल के अपने नए प्रोडक्ट्स और टेक्नोलॉजी की झलक दिखाएंगी। CES 2026 की आधिकारिक शुरुआत मंगलवार, 6 जनवरी से होगी, लेकिन रविवार से ही प्रेस कॉन्फ्रेंस और बड़े ऐलान शुरू हो गए हैं।
तकनीक के इस महाकुंभ में एडवांस रोबोटिक्स से लेकर भविष्य के गैजेट्स का जलवा दिखेगा। इस बार शो में AI, रोबोट्स, लैपटॉप, स्मार्ट होम डिवाइसेज, टीवी, वियरेबल्स और कुछ बेहद अलग तरह के स्मार्टफोन्स चर्चा में रहेंगे। आइए जानते हैं CES 2026 में क्या कुछ खास होने वाला है।
लैपटॉप्स
CES में लैपटॉप हमेशा सेंटर स्टेज पर रहते हैं और 2026 भी इससे अलग नहीं होगा। Apple को छोड़कर लगभग सभी बड़ी कंपनियां अपने नए मॉडल पेश करेंगी। इस साल खासतौर पर तीन नए प्रोसेसर चर्चा में रहेंगे। इसमें इंटेल (Panther Lake), क्वालकॉम (Snapdragon X2) और एएमडी (Gorgon Point) के नए प्रोसेसर्स की चर्चा होगी। दावा किया जा रहा है कि ये चिप्स लैपटॉप की बैटरी लाइफ और ग्राफिक्स को एक अलग ही लेवल पर ले जाएंगे। साथ ही, रोल करने वाली स्क्रीन और दो स्क्रीन वाले लैपटॉप्स भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
स्मार्ट होम और रोबोट्स
CES 2026 में स्मार्ट होम सेक्शन पर रोबोट्स का कब्जा रहने वाला है। वैक्यूम क्लीनर, पूल क्लीनर और लॉन मोवर से लेकर घर का काम करने वाले ह्यूमनॉइड रोबोट्स तक, सब कुछ देखने को मिलेगा। रोबोटिक असिस्टेंट्स का कॉन्सेप्ट अब साइंस फिक्शन नहीं रहेगा। साथ ही, ऐसे स्मार्ट लॉक भी दिखेंगे जो आपकी हथेली या चेहरे को पहचान कर दरवाजा खोल देंगे। सुरक्षा कैमरों में भी AI का तड़का लगेगा, जो सिर्फ वीडियो रिकॉर्ड नहीं करेंगे बल्कि खतरे को समझेंगे भी।
गेमिंग
गेमर्स के लिए CES 2026 थोड़ा शांत रहने वाला है। Nvidia के नए RTX 50 Super GPU टल सकते हैं और AMD से भी नए गेमिंग GPU की उम्मीद कम है। हालांकि Lenovo का रोलएबल गेमिंग लैपटॉप और Legion Go 2 का SteamOS वर्जन चर्चा में रह सकता है। इस बार गेमिंग से ज्यादा एक्सटेंडेड रियलिटी (XR) वाले वीयरेबल ग्लासेस पर फोकस दिख सकता है।
टीवी
TV टेक्नोलॉजी में CES 2026 बेहद अहम साबित हो सकता है। Samsung और LG पहले ही Micro RGB LED TV की घोषणा कर चुके हैं। इनके अलावा, TCL और Hisense भी नए RGB LED मॉडल पेश कर सकते हैं। हालांकि, यह देखना भी दिलचस्प होगा कि नई टेक्नोलॉजी के साथ टीवी की कितनी कीमत हो सकती है। पिछले साल 100 इंच से बड़े RGB LED TVs की कीमत करीब 20,000 से 30,000 डॉलर तक थी। उम्मीद है कि इस बार टेक्नोलॉजी में सुधार और बढ़ती प्रतिस्पर्धा से दाम कुछ काबू में आएंगे। इसके अलावा, सैमसंग और एलजी ऐसी ट्रांसपेरेंट और रोलेबल टीवी स्क्रीन्स भी पेश कर सकती हैं, जो बंद होने पर कांच की तरह पारदर्शी हो जाती हैं।
स्मार्टफोन्स
CES आम स्मार्टफोन्स के लिए नहीं जाना जाता, लेकिन अजीब और नए कॉन्सेप्ट वाले फोन जरूर दिखते हैं। इस बार सबसे ज्यादा चर्चा Samsung Galaxy Z Trifold को लेकर है। दो तरफ से मुड़ने वाला यह फोन 10-इंच के टैबलेट जैसा अनुभव दे सकता है। अगर यह CES में ग्लोबल स्टेज पर दिखता है, तो फोल्डेबल फोन की दुनिया में बड़ा कदम माना जाएगा।
वियरेबल्स और हेल्थ टेक
अब फिटनेस बैंड्स का दौर पुराना हो रहा है। इस साल स्मार्ट ग्लासेस (Smart Glasses) का बोलबाला रहेगा। ये चश्मे न केवल फोटो खींचेंगे बल्कि AI की मदद से आपकी आंखों के सामने जानकारी भी पेश करेंगे। इसके अलावा, सेहत को लेकर ऐसी तकनीकें भी आएंगी जो शरीर के तरल पदार्थों की जांच कर यह बता सकेंगी कि आप लंबी और स्वस्थ उम्र कैसे जी सकते हैं। हार्मोनल और मेटाबॉलिक हेल्थ को ट्रैक करने वाले एक्सपेरिमेंटल डिवाइसेज भी शो में नजर आ सकते हैं।
कुल मिलाकर, CES 2026 आने वाले साल की टेक्नोलॉजी की झलक देगा, जहां AI, रोबोट्स और नए फॉर्म फैक्टर्स भविष्य की दिशा तय करेंगे।