Foldable Phones: बड़ी स्क्रीन वाले फोल्डेबल फोन का बढ़ेगा दबदबा, 2026 में 65% बाजार हिस्सेदारी का अनुमान
फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में बड़ा बदलाव आने वाला है। काउंटरपॉइंट की नई रिपोर्ट के अनुसार 2026 तक बड़ी स्क्रीन वाले बुक-स्टाइल फोल्डेबल फोन 65% वैश्विक बाजार हिस्सेदारी हासिल कर सकते हैं, जबकि फ्लिप फोन की मांग धीरे-धीरे घटने की संभावना है।

विस्तार
रिसर्च फर्म काउंटरपॉइंट रिसर्च की ताजा रिपोर्ट बताती है कि फोल्डेबल स्मार्टफोन सेगमेंट में अब प्राथमिकता बदल रही है। अब तक छोटे और कॉम्पैक्ट फ्लिप फोन शिपमेंट में बड़ी हिस्सेदारी रखते थे, लेकिन आने वाले समय में बड़ी स्क्रीन वाले बुक-स्टाइल फोल्डेबल डिवाइस बाजार पर हावी हो सकते हैं।
2026 में 65% हिस्सेदारी का अनुमान
रिपोर्ट के मुताबिक, बुक-टाइप फोल्डेबल फोन 2026 में वैश्विक फोल्डेबल स्मार्टफोन शिपमेंट का करीब 65% हिस्सा हासिल कर सकते हैं। यह आंकड़ा 2025 के अनुमानित 52% से काफी अधिक है। यानी एक साल में ही इनकी हिस्सेदारी में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।
फ्लिप फोन की डिमांड क्यों घटेगी?
रिपोर्ट के अनुसार, जैसे-जैसे हार्डवेयर बेहतर हो रहा है और प्रीमियम स्मार्टफोन को लेकर कंपनियों का भरोसा बढ़ रहा है। यही वजह है कि क्लैमशेल यानी फ्लिप फोन सेगमेंट की हिस्सेदारी धीरे-धीरे घट सकती है।
बड़ी स्क्रीन वाले फोल्डेबल फोन को अब केवल डिजाइन की नई शैली नहीं, बल्कि प्रोडक्टिविटी डिवाइस के रूप में देखा जा रहा है। मल्टीटास्किंग, डॉक्यूमेंट देखने और कंटेंट खपत के लिए ये ज्यादा उपयोगी माने जा रहे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि एंड्रॉयड इकोसिस्टम इस बदलाव के लिए पहले ही तैयार हो चुका है। उदाहरण के तौर पर, सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 7 की बिक्री सैमसंग गैलेक्सी जेड फ्लिप 7 से ज्यादा रही है। यह संकेत देता है कि उपभोक्ता बड़ी स्क्रीन वाले फोल्डेबल फोन की ओर झुक रहे हैं।
एपल की एंट्री से बदल सकता है खेल
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि एपल भी जल्द ही फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में प्रवेश कर सकती है। बताया गया है कि कंपनी एक बुक-स्टाइल फोल्डिंग आईफोन पर काम कर रही है, जिसे मल्टीटास्किंग, दस्तावेज़ पढ़ने और वीडियो देखने जैसे कामों के लिए खास तौर पर ऑप्टिमाइज़ किया जाएगा। अगर एपल इस सेगमेंट में उतरती है, तो बुक-स्टाइल फोल्डेबल फोन की बिक्री में बड़ा उछाल आ सकता है।
फ्लिप फोन ने शुरुआती दौर में फोल्डेबल बाजार को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। लेकिन अब कंपनियां लंबी अवधि की रणनीति में बड़ी स्क्रीन वाले फोल्डेबल को केंद्र में रख रही हैं। रिपोर्ट का कहना है कि फोल्डेबल डिवाइस का शुरुआती प्रयोगात्मक दौर खत्म हो चुका है। अब फोकस एक बड़ी स्क्रीन पर बेहतर मल्टीटास्किंग अनुभव देने पर है।
इस साल दिखेगा आक्रामक विस्तार
पिछले साल कई स्मार्टफोन कंपनियों ने अपने स्टॉक को संतुलित रखने के लिए सावधानी बरती और नए फोल्डेबल मॉडल लॉन्च करने में सतर्क रुख अपनाया। लेकिन रिपोर्ट के अनुसार इस साल कंपनियां फोल्डेबल बाजार में आक्रामक तरीके से आगे बढ़ेंगी और नए मॉडल तेजी से पेश किए जाएंगे।