Apple ने भारत में बंद किए ये चार लोकप्रिय iPhone, नहीं बेचेगी कंपनी

एपल ने भारत में अपने चार सस्ते आईफोन को बंद कर दिया है। कंपनी के इस फैसले के बाद आईफोन SE, आईफोन 6, आईफोन 6 प्लस और आईफोन 6एस प्लस भारतीय बाजार में नहीं बिकेंगे। दरअसल भारत में एपल की नजर प्रीमियम स्मार्टफोन की बिक्री पर है। ऐसे में कंपनी अपने एंट्री लेवल आईफोन की बिक्री बंद कर रही है।
इकोनॉमिक्स टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि भारतीय बाजार में इन चारों आईफोन की सप्लाई पिछले महीने ही बंद कर दी गई है, हालांकि आईफोन 6S अभी भी 29,500 रुपये में बिक रहा है। वहीं ये चारों मॉडल अमेजन, फ्लिपकार्ट पर आउट ऑफ स्टॉक हैं।
दरअसल कंपनी ने यह फैसला भारतीय बाजार में अपना मुनाफा बढ़ाने के लिए लिया है। बता दें कि कुछ महीने पहले कंपनी ने आईफोन XR की कीमत में कटौती की थी, जिसके बाद फोन की बिक्री में इजाफा हुआ। भारत में लॉन्चिंग के समय आईफोन XR की शुरुआती कीमत जहां 76,900 रुपये थी, वहीं अमेजन पर यह फोन अब 49,999 रुपये में मिल रहा है।
कंपनी इसी साल भारत में iOS 13 ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ नए आईफोन लॉन्च करने वाली है। कहा जा रहा है कि नए iOS 13 में हिंदी के साथ 22 भारतीय भाषाओं का सपोर्ट मिलेगा। साथ ही, वॉयस असिस्टेंट सीरी भारतीय अंग्रेजी को भी आसानी से समझ सकेगी।