एपल का बड़ा एलान: अपने एप स्टोर से ऐसे एप्स की करेगा छुट्टी, डेवलपर्स की बढ़ी मुसीबत
Apple ने डेवलपर्स को एक नोटिफिकेशन भेजा है जिसमें लिखा है कि डेवलपर्स अपने एप को 30 दिनों के अंदर अपडेट करें, नहीं 30 दिनों के बाद उनके एप्स को स्टोर से डिलीट कर दिया जाएगा।

विस्तार
टेक्नोलॉजी की दिग्गज कंपनी Apple ने एक बड़ा एलान करके डेवलपर्स की मुसीबत बढ़ा दी है। एपल ने कहा है कि वह अपने एप स्टोर से ऐसे एप्स को हटाएगा जो पुराने हैं या लंबे समय से उनका अपडेट जारी नहीं हुआ है। एपल ने एप्स को अपडेट करने के लिए डेवलपर्स को 30 दिनों का वक्त दिया है। इस लिस्ट में ऐसे एप्स की संख्या बहुत ज्यादा है जिन्हें कई सालों से अपडेट नहीं किया गया है। बता दें कि कुछ दिन पहले ही गूगल ने भी इसी तरह की घोषणा की थी।
अंग्रेजी टेक वेबसाइट द वर्ज की एक रिपोर्ट के मुताबिक Apple ने डेवलपर्स को एक नोटिफिकेशन भेजा है जिसमें लिखा है कि डेवलपर्स अपने एप को 30 दिनों के अंदर अपडेट करें, नहीं 30 दिनों के बाद उनके एप्स को स्टोर से डिलीट कर दिया जाएगा। एपल के इस फैसले का कई डेवलपर्स ने विरोध भी किया है।
डेवलपर्स का कहना है कि यदि कोई एप लंबे समय तक अपडेट ना मिलने के बाद भी अच्छे से काम कर रहा है तो उसे अपडेट करने की क्या जरूरत है। उदाहरण के तौर पर Motivoto एक गेमिंग एप है जिसका अपडेट मार्च 2019 के बाद जारी ही नहीं किया गया है लेकिन एप में कोई दिक्कत नहीं है।
डेवलपर्स ने एपल के इस फैसले को धमकीभरा कदम बताया है। Pocket God एप को 2015 के बाद अपडेट नहीं किया गया है लेकिन इस एप के साथ कोई दिक्कत नहीं है और यूजर्स इस एप को आराम से इस्तेमाल कर रहे हैं।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही एपल ने कहा है कि वह चोरी हुए फोन या खोए हुए फोन को रिपेयर नहीं करेगा यानी चोरी हुए या खोए हुए आईफोन को एपल के सर्विस सेंटर या पार्टनर सर्विस सेंटर पर रिपेयर नहीं किया जाएगा, हालांकि इसके लिए GSMA डिवाइस रजिस्ट्री और MobileGenius में फोन का रजिस्टर होना जरूरी है। बता दें कि MobileGenius एप का इस्तेमाल एपल सर्विस के लिए करता है।