फोल्डेबल आईफोन में मिल सकती है मुड़ने वाली बैटरी, पेटेंट से मिली जानकारी

एपल के फोल्डेबल आईफोन को लेकर पिछले साल से चर्चा है। कई लीक रिपोर्ट में फोल्डेबल आईफोन के कॉन्सेप्ट को भी दिखाने की कोशिश की गई है, हालांकि एपल ने अभी तक फोल्डेबल आईफोन को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।
अब कल्टफऑफमैक की रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि एपल के फोल्डेबल आईफोन में मुड़ने वाली बैटरी मिलेगी। रिपोर्ट में दावा किया गया है फोल्डेबल बैटरी के पेटेंट को मंजूरी मिल गई है। फोल्डेबल बैटरी का इस्तेमाल एपल फोल्डेबल आईफोन और आईपैड में होगा। डिजाइन देखने से पता चलता है कि बैटरी दो भाग में मुड़ेगी, जबकि चार्जिंग पोर्ट एक ही तरह होगा।
हालांकि अभी तक कई सारे फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में आए हैं लेकिन किसी फोन में फोल्डेबल बैटरी नहीं दी गई है। कुछ महीने ही पहले ही सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड, हुवावे मैटे एक्स और मोटो रेजर जैसे फोल्डेबल फोन लॉन्च हुए हैं लेकिन इनमें फोल्डेबल बैटरी नहीं है।
बता दें कि पिछले एक दो साल में एपल ने कई पेटेंट कराए हैं। फोल्डेबल बैटरी का फायदा यह होगा कि फोन के मुड़ने में सहूलियत होगी। यदि एपल फोल्डेबल बैटरी के साथ फोन पेश करता है तो यह अपने आप में पहली टेक्नोलॉजी होगी।
बता दें कि हाल ही में 9to5Mac की रिपोर्ट के मुताबिक इटली के झंडे वाली इमोजी और सिंधी कैरेक्टर से आईफोन समेत एपल के कई प्रोडक्ट्स क्रैश हो सकते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस बग की चपेट में iOS13.4.1 पर चलने वाले सभी आईफोन शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक सिंधी कैरेक्टर और इटली के झंडे वाली इमोजी के कारण कई बार डिवाइस क्रैश हो रही है तो कई बार बिलकुल काम ही करना बंद कर दे रही है। कई बार टच कंट्रोल काम ना करने की भी शिकायत सामने आई है। हालांकि एपल ने इस बग को फिक्स करने के लिए iOS 13.4.5 अपडेट जारी कर दिया है लेकिन अभी यह फिलहाल बीटा वर्जन में है।