Apple's Budget Desktop: MacBook Neo से भी सस्ता! एपल ला रहा है अपना सबसे छोटा डेस्कटॉप 'Mac Neo'

Suyash Pandey
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीSuyash Pandey
Mon, 20 Apr 2026 01:29 PM IST
सार

Apple Mac Neo:

एपल जल्द ही अपना सबसे किफायती और कॉम्पैक्ट डेस्कटॉप कंप्यूटर 'Mac Neo' लॉन्च कर सकता है। इसकी कीमत हाल ही लॉन्च हुए सबसे सस्ते Macbook Neo से कम बताई जा रही है। यह डिवाइस आकार में किसी स्ट्रीमिंग बॉक्स जितना छोटा होगा। सस्ते होने के बावजूद, इसकी परफॉरमेंस से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Apple Mac Neo: The smallest budget desktop cheaper than macbook neo
Mac Neo - फोटो : Apple

    विस्तार

    एपल का नाम सुनते ही दिमाग में प्रीमियम और महंगे गैजेट्स की तस्वीर उभरती है। लेकिन क्या हो अगर आपको एपल का कंप्यूटर बेहद कम कीमत में मिल जाए? जी हां, कंपनी अब एक ऐसा डेस्कटॉप कंप्यूटर लाने की तैयारी में है जो आपकी जेब और बजट, दोनों में बिल्कुल फिट बैठेगा।

    अगर आप भी बजट की कमी के चलते अब तक एपल का कंप्यूटर नहीं खरीद पाए थे तो आपके लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, एपल जल्द ही 'Mac Neo' नाम से अपना एक नया, बेहद छोटा और किफायती डेस्कटॉप बाजार में उतारने वाला है।

    कंपनी के इस नए कदम का मकसद सिर्फ बाजार में चल रही गैजेट्स की सप्लाई को पूरा करना नहीं है, बल्कि उन सभी ग्राहकों के लिए रास्ते खोलना है जो कम खर्च में एपल के शानदार इकोसिस्टम का अनुभव लेना चाहते हैं। आइए जानते हैं इस छोटे लेकिन दमदार कंप्यूटर की पूरी कहानी।

    क्या है Mac Neo?

    Mac Neo एपल का एक नया, सस्ता और कॉम्पैक्ट डेस्कटॉप कंप्यूटर होगा। इसे कंपनी के मौजूदा 'Mac mini' से नीचे की रेंज में रखा जाएगा। यह उन यूजर्स के लिए एकदम सही विकल्प होगा जो भारी-भरकम एडिटिंग या गेमिंग के बजाय रोजमर्रा के हल्के-फुल्के काम करना चाहते हैं। इसे हाल ही में चर्चा में आए 'MacBook Neo' के एक सस्ते डेस्कटॉप विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है।

    रेगुलर मॉडल्स की तुलना में आधी होगी कीमत

    उम्मीद है कि इस नए कंप्यूटर की कीमत सिर्फ $299 (लगभग 25,000 रुपये) के आसपास होगी। यह एपल के रेगुलर मॉडल्स की तुलना में लगभग आधी कीमत है।

    फोन के पार्ट्स से बना है यह छोटा कंप्यूटर

    इतनी कम कीमत में इस डिवाइस को तैयार करने के लिए एपल ने एक बेहद स्मार्ट तरीका अपनाया है। दरअसल, कंपनी ने इस छोटे कंप्यूटर को तैयार करने में फोन के पार्ट्स का इस्तेमाल किया है। लागत को कम रखने के लिए इसमें महंगे और भारी मेटल के बजाय एक रंग-बिरंगे प्लास्टिक शेल का इस्तेमाल किया जाएगा। हालांकि, प्लास्टिक का होने के बावजूद यह दिखने में बिल्कुल मौजूदा iMac मॉडल्स जैसा ही आकर्षक और स्टाइलिश लगेगा और इसे बनाने का खर्च भी काफी कम आएगा।

    इसके डिजाइन की बात करें तो यह कंप्यूटर आकार में इतना छोटा होगा कि किसी टीवी स्ट्रीमिंग बॉक्स जैसा ही नजर आएगा। इस कॉम्पैक्ट डिजाइन को बनाए रखने के लिए कनेक्टिविटी को भी एकदम बेसिक रखा गया है। आपके मॉनिटर, माउस या कीबोर्ड जैसी जरूरी एक्सेसरीज को जोड़ने के लिए इसके पीछे की तरफ सिर्फ दो बेसिक पोर्ट ही दिए जाएंगे। कुल मिलाकर, एपल ने फीचर्स और डिजाइन के साथ समझौता किए बिना इसकी कीमत को कम रखने का एक शानदार जुगाड़ निकाला है।

    दमदार परफॉरमेंस और शानदार फीचर्स

    भले ही यह कंप्यूटर देखने में एक छोटा सा डिब्बा लगे, लेकिन परफॉरमेंस के मामले में यह किसी से पीछे नहीं है। कंपनी ने इसके अंदर उसी पावरफुल प्रोसेसर का इस्तेमाल किया है, जो एपल के लेटेस्ट स्मार्टफोन्स को सुपरफास्ट बनाता है। इसके साथ ही, एक साथ कई एप्स चलाने और मल्टीटास्किंग को आसान बनाने के लिए इसमें आपको 12GB की रैम (RAM) मिलेगी। इसका सीधा मतलब है कि आपके रोजमर्रा के काम बिना किसी रुकावट या हैंग हुए बेहद स्मूथ चलेंगे।

    MacBook Neo का बेहतरीन और सस्ता विकल्प

    अगर आप 'MacBook Neo' खरीदने का मन बना रहे थे, लेकिन बाजार में उसकी कम उपलब्धता के कारण उसे नहीं ले पा रहे हैं तो यह नया डेस्कटॉप आपके लिए एक शानदार मौका है। Mac Neo उन सभी लोगों के लिए एक बेहतरीन और सस्ता विकल्प बनकर उभरेगा, जो कम खर्च में एपल की शानदार स्पीड, फीचर्स और इकोसिस्टम का अनुभव लेना चाहते हैं।

    किसके लिए है यह परफेक्ट?

    चूंकि इस कंप्यूटर को बनाने में मोबाइल के पार्ट्स का इस्तेमाल किया गया है, इसलिए आप इस पर भारी-भरकम 'प्रोफेशनल वीडियो एडिटिंग' या हाई-एंड गेमिंग तो नहीं कर पाएंगे। हालांकि, रोजमर्रा के कामों के लिए यह मशीन काफी दमदार है। इंटरनेट ब्राउज करना, ऑफिस के डॉक्यूमेंट्स टाइप करना या फिर शांति से बैठकर फिल्में और वीडियो देखना- इन सभी कामों के लिए यह कंप्यूटर एकदम बेहतरीन साबित होगा।

    एपल के जरिए स्मार्टफोन के पार्ट्स का इस्तेमाल करने के पीछे एक बड़ी वजह यह भी है कि इससे कंपनी इस डिवाइस को तेजी से और कम लागत में तैयार कर पाएगी। इसका सीधा फायदा ग्राहकों को मिलेगा, क्योंकि अब आम लोगों तक रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए एक शानदार एपल डिवाइस आसानी से और बेहद कम कीमत में पहुंच सकेगा।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें