iPhone Air 2 लीक: क्या दो कैमरों के साथ लॉन्च होगा एपल का सबसे पतला फोन? प्रोसेसर में भी होगा बड़ा अपडेट

कुलदीप शर्मा
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीकुलदीप शर्मा
Fri, 30 Oct 2026 12:18 PM IST
सार

क्या Apple अपने अगले iPhone Air 2 में बड़ा कैमरा अपग्रेड और A20 Pro चिप देकर सबको चौंकाने वाला है? 2027 की शुरुआत में आने वाले इस स्लिम फोन के फीचर्स और डिजाइन को लेकर आए लीक्स ने बड़ा हिंट दिया है।

Apple iPhone Air 2 Leaks A20 Pro Chip Dual Cameras Battery and Launch Timeline
आईफोन एयर - फोटो : Amar Ujala Digital

    विस्तार

    एपल के स्लिम स्मार्टफोन पोर्टफोलियो को लेकर टेक जगत में सुगबुगाहट तेज हो गई है। हालिया लीक्स और सप्लाई चेन रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी अपनी सेकंड-जनरेशन स्लिम सीरीज यानी iPhone Air 2 पर तेजी से काम कर रही है। लीक्स के अनुसार इस फोन में प्रोसेसिंग पावर, फोटोग्राफी और बैटरी लाइफ को लेकर कई बड़े अपग्रेड देखने को मिल सकते हैं।

    A20 Pro चिपसेट से होगा लैस

    लीक हुई जानकारियों के मुताबिक iPhone Air 2 में कंपनी का अगला फ्लैगशिप A20 Pro प्रोसेसर दिया जा सकता है। यह चिपसेट TSMC के लेटेस्ट 2-नेनोमीटर यानी 2nm फैब्रिकेशन प्रोसेस पर तैयार किया जाएगा। इससे न केवल फोन की ओवरऑल स्पीड और जीपीयू परफॉर्मेंस में इजाफा होगा, बल्कि बिजली की खपत भी काफी कम होगी। डिवाइस में ऑन-डिवाइस एआई टास्क को स्मूथ बनाने के लिए 12GB रैम दिए जाने की बात भी लीक्स में सामने आई है।

    कैमरा सेटअप में होग बड़ा बदलाव

    • कैमरा सेटअप में बड़ा अपग्रेड:फर्स्ट-जनरेशन मॉडल के मुकाबले iPhone Air 2 के रियर कैमरा मॉड्यूल में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
    • डुअल 48MP सेंसर:इस नए मॉडल में 48-मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर और 48-मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड एंगल लेंस मिलने की संभावना है।
    • बेहतर फोटोग्राफी एक्सपीरियंस:48MP का सेकेंडरी अल्ट्रा-वाइड लेंस जुड़ने से यूजर्स को लैंडस्केप और वाइड-एंगल शॉट्स में ज्यादा डिटेलिंग और क्लैरिटी मिलेगी।
    • स्पैटियल वीडियो सपोर्ट:नया कैमरा सेटअप स्पैटियल वीडियो रिकॉर्डिंग की क्षमता को बेहतर बनाएगा, जिससे यूजर्स को और अधिक इमर्सिव कंटेंट रिकॉर्ड करने की सुविधा मिलेगी।

    स्लिम बॉडी में होगी बड़ी बैटरी

    अक्सर पतले स्मार्टफोन्स में बैटरी बैकअप को लेकर शिकायतें देखने को मिलती हैं, लेकिन एपल इस बार इस चुनौती से निपटने की तैयारी में है। लीक्स में मिली जानकारी के अनुसार iPhone Air 2 में लगभग 3500mAh क्षमता की बैटरी दी जा सकती है। महज 5.2mm से 5.5mm की पतली प्रोफाइल होने के बावजूद, ज्यादा डेंसिटी वाली बैटरी तकनीक और 2nm A20 Pro चिप की पावर एफिशिएंसी मिलकर फोन को शानदार ऑल-डे बैटरी बैकअप मिल सकता है।

    डिस्प्ले, कनेक्टिविटी और संभावित लॉन्च टाइमलाइन

    डिजाइन के मोर्चे पर, फोन में 6.55-इंच का 1.5K OLED डिस्प्ले 120Hz LTPO रिफ्रेश रेट के साथ मिल सकता है। फ्रंट में छोटा डायनामिक आइलैंड और इन-हाउस C2 5G मोडेम दिए जाने की भी उम्मीद जताई जा रही है। लॉन्च की बात करें तो विश्लेषकों का मानना है कि एपल iPhone Air 2 को 2027 की शुरुआत में बाजार में उतार सकता है। हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर इन फीचर्स या लॉन्च तारीख की पुष्टि नहीं की गई है।