Apple Event: 10 नवंबर को लॉन्च हो सकते हैं नए मैकबुक और मैकबुक प्रो

Apple ने अपने आगामी इवेंट को लेकर इनवाइट भेजना शुरू कर दिया है। एपल का अपकमिंग इवेंट 10 नवंबर को होगा। एपल ने इस इवेंट को "one more thing" नाम दिया है। एपल के वन मोर थिंग इवेंट का आयोजन 10 नवंबर को रात 11.30 बजे से होगा। लगातार तीसरे महीने आयोजित होने वाला एपल का यह तीसरा इवेंट है। इससे पहले सितंबर में आईपैड और एपल वॉच की लॉन्चिंग और अक्तूबर में आईफोन 12 सीरीज की लॉन्चिंग हुई थी।
One More Thing से क्या हैं उम्मीदें?
10 नवंबर को आयोजित होने वाले एपल के इवेंट को लेकर कहा जा रहा है कि इसमें कंपनी अपना पहला Arm आधारित मैक लॉन्च कर सकती है। साथ ही इस मैक में इंटेल की बजाय एपल का अपना चिप मिलेगा। बता दें कि साल 2005 से एपल अपने मैक में इंटेल का चिप इस्तेमाल करते आ रही है।
लीक रिपोर्ट के मुताबिक इस इवेंट में एपल 13 इंच का मैकबुक एयर लॉन्च कर सकता है। इसके अलावा 13 और 16 इंच के मैकबुक प्रो मॉडल की भी लॉन्चिंग की खबर है। नए मैकबुक में एपल का A14 बायोनिक प्रोसेसर दिया जा सकता है जो कि पहले से ही आईफोन 12 सीरीज में है।
One More Thing का क्या है एपल का रिश्ता?
ऐसा नहीं है कि एपल किसी इवेंट के लिए One More Thing का इस्तेमाल कर रही है। लंबे वक्त से एपल इस वन लाइनर का इस्तेमाल कर रही है। एपल के पूर्व सीईओ स्टीव जॉब्स One More Thing का खासतौर पर इस्तेमाल करते थे। स्टीव जॉब्स कीनोट में किसी प्रोडक्ट की लॉन्चिंग से पहले One More Thing अक्सर कहते थे। इससे पहले साल 2017 में एपल ने One More Thing का इस्तेमाल iPhone X की लॉन्चिंग में किया था।