एन-95 मास्क की तरह काम करता है एयर प्यूरीफायर, बन रहा है हर परिवार की जरूरत
आर्टीफीशियल इंटेलीजेंस टेक्नॉलॉजी ने एयर प्यूरीफायर को बनाया स्मार्ट, हवा को शुद्ध करने के साथ बैक्टीरिया भी कर रहा खत्म, राजधानी के गंभीर प्रदूषण के बीच बढ़ी बिक्री...

विस्तार
टीवी, फ्रिज, कंप्यूटर, लैपटॉप और स्मार्टफोन कभी लग्जरी आइटम हुआ करते थे। आज इनके बिना किसी घर की कल्पना भी नहीं की जा सकती। इनके न होने से माता-पिता को डर लगता है कि कहीं उनके बच्चे सूचना क्रांति के इस युग में अपने दोस्तों से पीछे न छूट जाएं। इस कैटेगरी में अब अगला नंबर एयर प्यूरीफायर का हो सकता है। लगातार बढ़ती गंभीर प्रदूषण की समस्या एयर प्यूरीफायर को हर घर का जरूरी सामान बना दे रही है। बढ़ते प्रदूषण केे साथ इसकी बिक्री में भी तेजी आ रही है।
किस तकनीक पर कर रहे काम
एयर प्यूरीफायर के काम करने का तरीका एन-95 मास्क के जैसा ही है। बड़े आकार और बिजली से चलने के कारण इनकी क्षमता और अधिक बढ़ जाती है जिससे ये ज्यादा प्रदूषणकारी तत्वों को फिल्टर करने में सक्षम हो गए हैं। आर्टीफीशियल इंटेलीजेंस तकनीक से लैस होने की वजह से यह ये ऑटोमैटिक तरीके से एयर फिल्टर करने की गति तेज या धीमी कर सकते हैं। यानी इनके लगातार मॉनीटरिंग करने की जरूरत नहीं रह गई है। इसके साथ ही टाइमर लगाकर इनसे निश्चित समय तक स्वच्छ हवा पाई जा सकती है।
तीन लेयर में हवा साफ कर रहे हैं एयर फिल्टर
सामान्य तौर पर सभी कंपनियों के एयर फिल्टर में तीन लेयर में हवा शुद्ध करने की तकनीकी का उपयोग किया जा रहा है। सबसे ऊपर हवा में मौजूद बड़े धूल कणों (PM-10 और इससे बड़े धूल कणों) को फिल्टर किया जाता है। दूसरी लेयर में कार्बन आधारित (धूएं और महीन तेल कणों) महीन कणों को फिल्टर किया जाता है। तीसरी लेयर में PM-2.5 और बैक्टीरिया जैसे बेहद महीन कणों को हवा से साफ कर उन्हें सांस लेने लायक बना दिया जाता है। इनसे प्रति घंटे 4 घनमीटर या इससे ज्यादा स्वच्छ हवा प्राप्त की जा सकती है।
लक्ष्मीनगर के एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के विक्रेता सचिन त्यागी के अनुसार आर्टीफीशियल इंटेलीजेंस के कारण मशीन यह स्वयं बता देती है कि कमरे में उबलब्ध हवा गंभीर, कम प्रदूषित या साफ कैटेगरी की है। इसके लिए मशीनों में रेड, ब्ल्यू और ग्रीन कलर की इंडिकेटर लाइट बल्ब दी गई हैं। दावा है कि राजधानी और आसपास की एरिया में लगातार गंभीर प्रदूषण के कारण इन एयर फिल्टर की बिक्री बहुत ज्यादा बढ़ गई है क्योंकि लोग इन्हें अब घर की जरूरी सामाग्री के तौर पर देख रहे हैं। सचिन त्यागी के अनुसार अगर घर में हृदय रोग, फेफड़े या दमे की बीमारी से परेशान लोग हैं तो ऐसे घरों के लिए ये एयर फिल्टर बेहद जरूरी हो गए हैं।