Acuva SOLARIX Review: कोरोनाकाल में घर पर रखने वाला एक जरूरी गैजेट
Acuva SOLARIX को लॉन्चिंग ऑफर के तहत ऑनलाइन स्टोर्स से 9,999 रुपये में खरीदा जा सकता है, हालांकि इसकी वास्तविक कीमत 13,249 रुपये है।

विस्तार
यूवी यानी अल्ट्रा वॉयलेट लाइट इंसानी शरीर के लिए खतरनाक है लेकिन कोरोना जैसे वायरस और बैक्टीरिया को खत्म करने में यह सक्षम है। इस बात की पुष्टि विश्व स्वास्थ्य संगठन और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने भी की है कि यूवी लाइट से कोरोना वायरस समेत कई अन्य वायरस और बैक्टीरिया को 99.5 फीसदी तक खत्म किया जा सकता है। कोरोना महामारी के इस दौर में यूवी लाइट सैनिटाइजर का इस्तेमाल बड़े स्तर पर हो रहा है। सैमसंग और गोदरेज जैसी कंपनियों ने अपने यूवी लाइट सैनिटाइजर बाजार में पेश किए हैं और अब Acuva ने अपने यूवी लाइट सैनिटाइजर Acuva SOLARIX को पेश किया है जो कि एक पोर्टेबल यूवी लाइट सैनिटाइजर है। Acuva SOLARIX महज 10 सेकेंड में किसी सतह को वायरस और बैक्टीरिया मुक्त करने में सक्षम है। Acuva SOLARIX को हमने कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया है। आइए रिव्यू में जानते हैं कैसा है यह पोर्टेबल यूवी सैनिटाइजर?

Acuva SOLARIX की स्पेसिफिकेशन और कीमत
Acuva SOLARIX को Acuva सिस्टम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने लॉन्च किया है। Acuva SOLARIX को खासतौर पर ऑफिस में काम करने और ट्रैवल करने वालों के लिए डिजाइन किया गया है। इस पोर्टेबल यूवी सैनिटाइजर से आप ऑफिस के टेबल, बस की सीट या किसी अन्य सतह को सैनिटाइज कर सकते है। खास बात यह है कि Acuva SOLARIX पूरी तरह से केमिकल फ्री है। इसे आप अपनी जेब में या लैपटॉप बैग में रखकर आसानी से कहीं ले जा सकते हैं। यह चार्जेबल भी है, चार्जिंग के लिए इसमें टाईप-सी पोर्ट दिया गया है। Acuva SOLARIX के जरिए आप दरवाजे की हैंडल, चाबी, वॉलेट, कार की स्टेयरिंग, मोबाइल, लैपटॉप, डेस्क, कार की सीट आदि को सैनिटाइज कर सकते हैं। Acuva SOLARIX को लॉन्चिंग ऑफर के तहत ऑनलाइन स्टोर्स से 9,999 रुपये में खरीदा जा सकता है, हालांकि इसकी वास्तविक कीमत 13,249 रुपये है।

Acuva SOLARIX की परफॉर्मेंस
Acuva SOLARIX की सबसे खास बात यह है कि यह पोर्टेबल है। आप इसे कहीं भी आसानी से चार्ज करके ले जा और आ सकते हैं। इसके अलावा सेफ्टी के लिए इसे खासतौर पर डिजाइन किया गया है ताकि आपके शरीर पर यूवी लाइट का कोई असर ना हो। Acuva SOLARIX एक फोल्डेबल यूवी लाइट डिवाइस है। इसे 270 डिग्री तक फोल्ड किया जा सकता है। इसमें एक टाइमर और पावर बटन भी है। इसके अलावा इसमें चाइल्ड लॉक भी है।

Acuva SOLARIX कम-से-कम दो सेकेंड और अधिकतम 10 सेकेंड में किसी सतह को सैनिटाइज करता है। समय के साथ इसका प्रभाव बढ़ता है। सीधे शब्दों में कहें तो यदि आप किसी सतह पर इसे 10 सेकेंड तक मूव करते हैं तो 99.97 फीसदी तक बैक्टीरिया खत्म हो सकते हैं।

SARS-CoV-2 की बात करें तो यह डिवाइस 2 सेकेंड में 98.72 फीसदी, 5 सेकेंड में 99.53 फीसदी और 10 सेकेंड में 99.97 फीसदी तक वायरस को खत्म करने में सक्षम है। Acuva SOLARIX को सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल अमेरिका से बायोसेफ्टी लेवल 3 (BSL-3) का सर्टिफिकेट भी मिला है। इसके अलावा इस डिवाइस को CSIR-CSIO चंडीगढ़ और एक राष्ट्रीय लैब से भी सर्टिफिकेट मिला है।

Acuva SOLARIX के साथ बॉक्स में आपको एक जोड़ी गलव्स और एक टाईप-सी केबल मिलता है। इसमें 3200एमएएच की बैटरी दी गई है। इसेइस्तेमाल करते समय आपको इस बात का ध्यान रखना है कि इसकी रौशनी आपकी आंखों पर सीधी ना पड़े। बेहतर होगा कि आप इसे इस्तेमाल करते समय किसी अच्छे चश्में का भी इस्तेमाल करें।

जहां तक इसकी प्रमाणीकता और सटीकता की बात है तो Acuva SOLARIX का इस्तेमाल ठीक वैसा ही है जैसा कि किसी साबुन, हैंड वॉश और सैनिटाइजर पर भरोसा करके उन्हें इस्तेमाल करते हैं। इसमें ऐसा कोई मीटर नहीं है जो यह बताए कि कितने फीसदी बैक्टीरिया को खत्म कर दिया गया है और कितने फीसदी बैक्टीरिया या वायरस बचे हुए हैं।
तो कुल मिलाकर यही है कि कोरोना काल में Acuva SOLARIX भी अन्य गैजेट की तरह आपके लिए एक जरूरी गैजेट साबित हो सकता है। सबसे अच्छी बात यह है कि यह पूरी तरह से पोर्टेबल है। इसे कहीं ले जाना आसान है। इसका इस्तेमाल आसान है और बैटरी लाइफ भी अच्छी है। यदि आप किसी पोर्टेबल यूवी लाइट सैनिटाइजर की तलाश में हैं तो Acuva SOLARIX निराश नहीं करेगी।
- Samsung Galaxy M12 Review: कितना दम है सैमसंग के इस 10,999 रुपये वाले स्मार्टफोन में?
- Oppo F19 Pro Review: क्या वाकई फुल पैसा वसूल है 21,490 रुपये वाला यह स्मार्टफोन?
- Vivo X60 Pro Review: सिर्फ कैमरा ही नहीं, बहुत कुछ मिलेगा इस फ्लैगशिप में
- Tecno Spark 7 First Look: 7000 रुपये से कम में एक स्टाइलिश फोन