आपके व्हॉट्सएप डेटा का इस तरह इस्तेमाल कर रहा है फेसबुक

बीबीसी
Sun, 21 May 2017 01:21 PM IST
Facebook Using your WhatsApp data

    पिछले साल अगस्त में व्हॉट्सएप ने अपने यूजर्स के फोन नंबर फेसबुक से साझा करने का ऐलान करके सबको चौंका दिया था। 2014 में फेसबुक ने व्हॉट्सएप को खरीद लिया था। उसके बाद ये पहली बार है कि व्हॉट्सएप ने अपनी प्राइवेसी पॉलिसी में बदलाव किया है। इसका साफ मतलब था कि विज्ञापन बढ़ेंगे और प्राइवेसी घटेगी।

    तकनीकी मामलों की कंसल्टेंसी कंपनी ओवम की पामेला क्लार्क डिक्सन ने बीबीसी से कहा कि व्हॉट्सएप के कई यूज़र्स इससे ठगा हुआ महसूस कर रहे थे।

    इस गुरुवार को यूरोपीय आयोग ने इस बात पर सहमति जताते हुए फेसबुक पर व्हॉट्सएप को ख़रीदते वक्त गलत जानकारी देने के मामले में एक करोड़ 20 लाख डॉलर का जुर्माना लगाया है।

    ये पहली बार है कि यूरोपीय आयोग ने मर्जर के दौरान 'झूठ बोलने' के कारण किसी कंपनी पर कार्रवाई की है। 'यूरोपियन कमिश्नर फॉर कंपटीशन' मार्गरेटे वेस्टेयर ने कहा कि जुर्माना सही है और इससे सही संदेश भी जाएगा।

    फेसबुक ने वादा किया था कि वह अपने और व्हॉट्सएप के खातों को नहीं जोड़ेगा, लेकिन वह इस पर कायम नहीं रहा। हालांकि फेसबुक के प्रवक्ता ने कहा है कि कंपनी ने अच्छी भावना से काम किया और हर बार सही जानकारी देने की कोशिश की।

    फेसबुक को आपका नंबर क्यों चाहिए?

    एक जवाब ये हो सकता है कि फेसबुक आपको उन लोगों को फ़्रेंड बनाने की सलाह दे सके जिनके साथ आप फोन पर तो जुड़े हैं लेकिन सोशल नेटवर्क के जरिए नहीं। अगर अभी तक ऐसा नहीं हुआ है तो चौंकिएगा नहीं, अगर कभी फ़ेसबुक पर दोस्ती के सुझावों में आपको वो पड़ोसी दिखे, जिसका कभी काम पड़ने पर आपने नंबर लिया था। या वो प्लंबर दिखे, जिसने व्हॉट्सएप पर घर आने का समय पूछा हो। हां, उन्हें फेसबुक पर फ्रेंड बनाना है या नहीं, यह फैसला आप ही करेंगे।

    गूगल पर जो सर्च करेंगे, फेसबुक उससे जुड़े विज्ञापन दिखाना शुरू कर देगा

    आपके व्हॉट्सएप डेटा का इस तरह इस्तेमाल कर रहा है फेसबुक

    यह तो सभी देखते हैं कि फेसबुक पर दिखने वाले विज्ञापन हर यूजर के मुताबिक पर्सनलाइज किए होते हैं। गूगल पर आप जो सर्च करेंगे, फेसबुक उससे जुड़े विज्ञापन आपको दिखाना शुरू कर देगा। और इसका फायदा ब्रांड उठाते हैं। वे अलग-अलग उम्र, रुचियों, शहरों और कई अन्य जानकारियों के मुताबिक कैटेगरी में बंटे यूजर्स के लिए विज्ञापन भेजते हैं।

    लेकिन इसके लिए व्हॉट्सएप से आपकी जो जानकारी फेसबुक को मिल रही है, उसका भी इस्तेमाल किया जा सकता है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, व्हॉट्सएप के जरिए चुनिंदा विज्ञापन भेजने के नए सिस्टम पर भी काम चल रहा है। रॉयटर्स के हाथ मार्च महीने में कंपनी का एक अंदरूनी दस्तावेज लग गया था। एक शोध के मुताबिक, कंपनियां व्हॉट्सएप के जरिए संभावित उपभोक्ताओं को टारगेट करते हुए सीधे विज्ञापन भेज सकती हैं।

    दरअसल कोशिश इस बात की है कि व्हॉट्सएप पर सीधे यूजर्स को मैसेज भेजने के लिए कंपनियों से पैसा लिया जाए। जब फेसबुक ने व्हॉट्सएप को खरीदा था तब कहा था, "हम विज्ञापन और उत्पादों को लेकर अनुभवों को बेहतर बनाना चाहते हैं।" एक ब्लॉग में कंपनी ने कहा था कि फेसबुक सिस्टम से आपके नंबर को जोड़कर हम आपको आपके अनुरूप विज्ञापन दिखाना चाहते हैं। व्हॉट्सएप फेसबुक को ये भी बताता है कि आप कब आखिरी बार व्हॉट्सएप पर गए थे। यूं तो इसका जानकारी चुराने से कोई सीधा संबंध नहीं है लेकिन इसके जरिए ये जानने आसान हो जाता है कि आप किस तरह से व्हॉट्सएप का इस्तेमाल करते हैं और आप विज्ञापन देने वाली कंपनी के लिए एक दिलचस्प टारगेट होंगे या नहीं।

    हकीकत ये है कि लगातार व्हॉट्सएप इस्तेमाल करने वालों के बारे में फेसबुक ये भी जान सकता है कि कब वो सोने जाते हैं। फेसबुक का कहना है कि वो व्हॉट्सएप मैसेज का डेटा नहीं साझा करता क्योंकि ये एनक्रिप्टेड होता है। कंपनी का ब्लॉग कहता है, "आपके एनक्रिप्टेड मैसेज निजी रहते हैं और कोई भी उन्हें नहीं पढ़ सकता है। चाहे व्हॉट्सएप हो या फेसबुक या फिर कोई और।"

    क्या इससे बचा जा सकता है?

    जब फेसबुक ने अपनी प्राइवेसी पॉलिसी में बदलाव किए थे तो अपने यूजर्स से नई शर्तें मानने को कहा था। ये एक ऑटोमैटिक मैसेज के तहत किया गया था। इसके 'रीड मोर' ऑप्शन में जाकर आप 'शेयरिंग अकाउंट इनफॉर्मेशन को डिएक्टिवेट' भी कर सकते थे। हालांकि यूजर्स को अपना मन बदलने के लिए एक महीने का समय दिया गया था। लेकिन आपने इसे मंजूरी दे दी थी तो फिलहाल कोई रास्ता नहीं है।