लाखों साल बाद पृथ्वी से टकरा सकती है अंतरिक्ष में भेजी गई टेस्ला कार

टेक डेस्क, अमर उजाला
Mon, 19 Feb 2018 11:29 AM IST
Elon Musk space Tesla Car might crash into Earth in the next million years
Elon Musk's Space Tesla

    पिछले सप्ताह अंतरिक्ष में एलोन मॉस्क द्वारा भेजी गई टेस्ला रोडस्टर कार तो आपको याद ही होगी? खैर, याद नहीं भी है तो कोई बात नहीं, चलिए हम आपको याद दिला देते हैं पिछले सप्ताह एरोस्पेस स्टार्टअप स्पेस एक्स ने फाल्कन हेवी रॉकेट के साथ टेस्ला कार को अंतरिक्ष में भेजा है जिसे लेकर अब कुछ वैज्ञानिकों ने भविष्यवाणी की है कि यह कार लाखों साल बाद घरती या शुक्र ग्रह से टकरा सकती है।

    हालांकि आपको घबराने या हताश होने की जरूरत नहीं है क्योंकि इसकी संभावना बहुत कम है। वैज्ञानिकों के मुताबिक कार के पृथ्वी से टकराने की संभावना 6 फीसदी और शुक्र से 2.5 प्रतिशत है। संभव है कि धरती पर पहुंचने से पहले कार जलकर राख हो जाए। यह घटना 2091 के करीब हो सकती है। इस रिपोर्ट को arxiv.org पर प्रकाशित किया गया है जो कि कॉर्नेल यूनिवर्सिटी की है।

    बता दें कि 6 फरवरी को स्पेसएक्स ने सबसे बड़े रॉकेट फाल्कन हैवी को मंगल ग्रह भेजा था। जिसमें कंपनी के मालिक एलन मस्क की चेरी रेड कलर की टेस्ला स्पोर्ट्स कार भी थी। फाल्कन हैवी का वजन लगभग 63.8 टन है जो लगभग दो स्पेस शटल के वजन के बराबर है। वहीं लॉन्चिंग के बाद कार के रास्ता भटकने की रिपोर्ट आई थी जिस पर मस्क ने बताया था कि कार को पुश करने के लिए जिस ईंधन का विस्फोट किया जाना था उसका धमाका इतना तेज था कि कार अपने तय रूट से दूर चली गई।