अगर आप हॉलीवुड की प्रसिद्ध सीरीज X-Men के शौकीन हैं, तो इसमें प्रोफेसर एक्स से भी परिचित होंगे, जिसके पास हर किसी के दिमाग को पढ़ने के साथ उसे कंट्रोल करने की भी पावर थी। लेकिन अब ऐसा हकीकत में होने जा रहा है और वह भी सिर्फ 1 साल के अंदर। इलेक्ट्रिक कारों बनाने वाली दुनिया की सबसे कंपनी टेस्ला के सीईओ और एयरोस्पेस स्टार्टअप स्पेस X के संस्थापक एलन मस्क ने एक ऐसी डिवाइस तैयार की है, जो इंसानों का दिमाग पढ़ सकती है। खास बात यह है कि इस डिवाइस को इंसानों के दिमाग में इंप्लांट किया जा सकेगा और इस डिवाइस को एक मोबाइल एप के जरिए कंट्रोल किया जा सकेगा। बता दें कि साल 2017 में मस्क ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप 'न्यूरालिंक' लॉन्च किया था और न्यूरालिंक के तहत इस डिवाइस को तैयार किया गया है। अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की मंजूरी के बाद कंपनी 2020 से इंसानों पर इसका परीक्षण शुरू करेगी। इस तकनीक के तहत इंसान के दिमाग में N1 (चिप टाइप की एक डिवाइस) को इंप्लांट किया जाएगा। यह डिवाइस कान के पास लगाई जाएगी, जो दिमाग के अंदर फिट चिप से बिना वायर कनेक्ट होगी। इस डिवाइस को N1 sensor नाम के एक आईफोन एप से कंट्रोल किया जा सकेगा। कान के पास डिवाइस से एप को एक यूएसबी पोर्ट के जरिए कनेक्ट करना होगा। एन1 चिप 96 पतले तारों के जरिए डाटा ट्रांसफर करेगी। बताया जा रहा है कि प्रत्येक तार की मोटाई इंसानी बाल की मोटाई से भी कम होगी। दूसरे शब्दों में कहें, तो इस डिवाइस के आने के बाद हमारा दिमाग हमेशा कंप्यूटर से कनेक्ट रहेगा। यह डिवाइस उन लकवाग्रस्त लोगों के लिए वरदान साबित होगी, जो दिमागी लकवा यानी एक न्यूरोलॉजिकल यानि तंत्रिका संबंधी विकार से ग्रस्त हैं या फिर उन लोगों के लिए यह डिवाइस तोहफा साबित हो सकती है, जो मस्तिष्क के विकारों से जूझ रहे हैं। इस डिवाइस से ऐसे मरीजों के इलाज में भी आसानी होगी। इस डिवाइस को इस्तेमाल करने के लिए मरीज की खोपड़ी में एक 8 मिमी का एक छिद्र करना होगा, जिसमें डिवाइस को फिट किया जाएगा। फिलहाल कंपनी इस डिवाइस की टेस्टिंग चूहों पर कर रही है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि यह मशीन स्थिर है या नहीं। वहीं चूहों पर प्रयोग सफल होने के बाद इसे इंसानों के सिर में फिट किया जाएगा और हाई बैंडविथ से डाटा ट्रांसफर होगा। न्यूरालिंक के अध्यक्ष मैक्स होदक ने अपने एक बयान में कहा कि हम पहले इस आइडिया से सहमत नहीं थे, लेकिन एलन मस्क के कहने पर वे सहमत हो गए। होदक ने कहा, 'हम नहीं चाहते हैं कि हमारी त्वचा से होकर कोई तार गुजरे और उसे 2-3 साल बाद निकालना पड़े। हम कुछ ऐसा चाहते हैं, जो लंबे समय के लिए हो और व्यवहारिक हो।' बता दें कि एलन मस्क ने इस प्रोजेक्ट के लिए दुनियाभर के कई जाने-माने न्यूरोलॉजिस्ट को हायर किया है।