5G In India: टेस्टिंग में भोपाल सबसे आगे, जानें कब शुरू होगा 5जी

विशाल मैथिल
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीविशाल मैथिल
Sun, 24 Jul 2022 04:38 PM IST
सार

ट्राई के अनुसार भोपाल में पायलट प्रोजेक्ट के तहत TSP द्वारा 5जी स्माल सेल की टेस्टिंग की गई है। उम्मीद की जा रही है कि इस साल के अंत तक या फिर अगले साल की शुरुआत में 5G सेवाओं को लॉन्च किया जा सकता है।

Bhopal First Smart City for 5G testing in india TRAI
5G In India - फोटो : Pixabay

    विस्तार

    इस साल के अंत तक भारत में 5G कनेक्टिविटी शुरू होने की उम्मीद है। केंद्र सरकार ने इसके स्पेक्ट्रम नीलामी को भी हरी झंडी दे दी है। टेलीकॉम अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के अनुसार वह देश के कई हिस्सों में 5G कनेक्टिविटी की पायलट टेस्टिंग कर रहा है। भोपाल पहली स्मार्ट सिटी है, जिसमें 5G की टेस्टिंग की जा रही है। इस टेस्टिंग से यह पता किया जा रहा है कि टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर (टीएसपी) द्वारा यूजर्स को 5G कनेक्टिविटी देने के लिए शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को कैसे इस्तेमाल किया जा सकता है।

    ट्राई के अनुसार भोपाल में उन्होंने पायलट प्रोजेक्ट के तहत TSP द्वारा 5जी स्माल सेल की टेस्टिंग की है। इस टेस्टिंग के बाद भोपाल 5G की टेस्टिंग करने वाला देश का पहला स्मार्ट सिटी बन गया है। भोपाल में ट्रैफिक सिग्नल पोल, स्ट्रीट लाइट पोल, स्मार्ट पोल, डायरेक्शन बोर्ड, होर्डिंग, फुट ओवर ब्रिज और सिटी बस शेल्टर जैसे स्ट्रीट फर्नीचर का इस्तेमाल 5G के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए किया गया।

    ट्राई ने भारत के अन्य हिस्सों में भी की टेस्टिंग

    TRAI ने TSP के लिए बेंगलुरु में नम्मा मेट्रो स्टेशन पर भी 5G स्माल सेल टेस्टिंग कंडक्ट की है। ट्राई ने गुजरात के कांडला पोर्ट और जीएमआर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी 5G की टेस्टिंग की है। कांडला पोर्ट भारत का पहला पोर्ट और जीएमआर इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश का पहला एयरपोर्ट है, जहां 5G की टेस्टिंग की गई है। हालांकि TRAI ने अब तक इन टेस्टिंग के रिजल्ट के बारे में कोई खुलासा नहीं किया है।

    5G आने का बाद क्या बदलेगा?

    उम्मीद की जा रही है कि इस साल के अंत तक या फिर अगले साल की शुरुआत में 5G सेवाओं को लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि, पूरे भारत में 5G पहुंचने में अप्रैल 2023 तक का समय लग सकता है। 5G आने के बाद यूजर्स सिर्फ कुछ सेकंड्स में ही बड़ी से बड़ी फाइल को डाउनलोड कर सकेंगे। 5G की लॉन्चिंग के बाद देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर ज्यादा काम किया जा सकेगा। सेल्फ ड्राइव कार, स्मार्ट ऑफिस और स्मार्ट सिटी जैसे प्रोजेक्ट पर काम करना आसान हो जाएगा।