Apple सीरी के वाइस प्रेसिडेंट ने दिया इस्तीफा, गियानंद्रिया को मिल सकती है जिम्मेदारी

टेक्नोलॉजी की दिग्गज कंपनी ऐप्पल के वर्चुअल असिस्टेंट सिरी की टीम के वाइस प्रेसिडेंट बिल स्टैसियोर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, हालांकि ऐप्पल ने इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि ऐप्पल के सिरी की टीम में 7 साल काम करने के बाद बिल स्टैसियोर ने इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि साल 2012 में बिल स्टैसियोर ने अमेजॉन को छोड़कर ऐप्पल ज्वाइन किया था।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बिल स्टैसियोर ने सिर्फ सिरी की टीम को छोड़ा है और अभी भी वे कंपनी में अपनी सेवा दे रहे हैं, हालांकि यह साफ नहीं है कि अब बिल स्टैसियोर को कौन-सी जिम्मेदारी दी गई है।
बता दें कि बिल का इस्तीफा उस वक्त हुआ है जब मशीन लर्निंग (एमएल) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की टीम के वाइस प्रेसिडेंट जॉन गियानंद्रिया ने ऐप्पल की वायस असिस्टेंट टीम को मजबूत बनाने पर जोर दिया है।
दरअसल गियानंद्रिया सिरी को लेकर रिसर्च के बजाय उसमें विकास चाहते हैं और उम्मीद की जा रही है कि गियानंद्रिया ही सिरी के नए वाइस प्रेसिडेंट होंगे। गौरतलब है कि iPhone 4S की लॉन्चिंग के साथ आईफोन में सिरी का सपोर्ट दिया गया था और साल 2011 से लॉन्च होने वाले सभी आईफोन में सिरी का सपोर्ट दिया गया।