एपल के टिम कुक बोले: एप स्टोर पर कड़ा नियंत्रण आईफोन यूजर्स की सेवा के लिए

Jeet Kumar
एजेंसी, ऑकलैंडJeet Kumar
Sun, 23 May 2021 06:18 AM IST
सार

एपल द्वारा एकाधिकार के दुरुपयोग, स्पर्धा रोधी व्यवहार व कमीशनखोरी पर दायर मुकदमे की सुनवाई में हुए पेश।अदालत नहीं हुई जवाब से संतुष्ट, कहा मुकदमे से डर कर एपल ने डेवलपर्स पर कमीशन किया कम

Apple ceo tim cook says tough control on app store to serve iPhone users
tim cook - फोटो : social media

    विस्तार

    एपल कंपनी के सीईओ टिम कुक ने एप स्टोर पर अपने सख्त नियंत्रण पर कहा कि इसी के चलते वे आईफोन यूजर्स को बेहतर सेवाएं और साइबर सुरक्षा दे पा रहे हैं। एप स्टोर के जरिये एकाधिकार के दुरुपयोग, कमीशनखोरी और स्पर्धा रोधी व्यवहार के खिलाफ दायर मुकदमे की सुनवाई के दौरान उन्होंने यह बचाव पेश किया। हालांकि जज ने उनसे कई कड़े सवाल किए, जवाबों से संतुष्ट नहीं हुईं।

    कैलिफोर्निया के ऑकलैंड की अदालत में तीन हफ्ते की सुनवाई के आखिरी चरण में विश्व के जाने-माने सीईओ कुक की उपस्थिति को दुर्लभ माना जा रहा है। लोकप्रिय मोबाइल गेम फोर्टनाइट की निर्माता एपिक गेम्स ने उसपर यह मुकदमा दायर है।

    एपिक का कहना है कि अपने एप स्टोर के जरिये एपल अत्यधिक पैसा उगाही कर रहा है। एप डेवलपर्स से 15 से 30 फीसदी तक कमीशन वसूल रहा है। कमीशन न देने वाले एप को ब्लॉक कर दिया जाता है। उसके वकील गैरी बोर्नस्टीन ने कुछ सामान्य सवाल किए जिनका कुक ने रटे हुए जवाब दिए।

    हालांकि 2007 में एप स्टोर बनाने वाले स्टीव जॉब्स द्वारा एप स्टोर से नाम मात्र की कमाई के अनुमानों पर पूछे सवाल पर कुक लड़खड़ाए। चीन में एपल यूजर्स का डाटा यहां की सरकार से साझा करने के समझौते से जुड़े सवाल पर भी वे परेशान दिखे।

    4 घंटे जिरह

    यह जिरह करीब 4 घंटे चली। कुक ने हमेशा इस बात पर जोर दिया कि एप स्टोर पर एपल का अत्याधिक नियंत्रण ही आईफोन यूजर को फायदा देता है। मामले की अगली सुनवाई सोमवार को है, जहां दोनों पक्षों के वकीलों से जज सवाल कर सकती हैं। निर्णय आने में कई महीने लग सकते हैं।

    विश्व के डेवलपर्स की नजर इस मामले पर है। यह निर्णय बड़ी तकनीकी कंपनियों द्वारा अपना एकाधिकार बनाकर बाकी पर लादी जा रही शर्तों व मनमर्जी भरे व्यवहार का भविष्य तय कर सकता है।

    जज के सवाल, कुक के जवाब

    1.

    जिला जज यीवॉन गोंजालेज रॉजर्स ने कुक से पूछा कि वह आईफोन, आईपैड व आईपॉड मे ंएप को अपना भुगतान विकल्प क्यों नहीं अपनाने देता? इससे यूजर को कम कमीशन देना होगा। भुगतान सेवाओं के लिए तो बैंक भी कमीशन नहीं लेते, आईफोन क्यों ले रहा है? उन्होंने एक सर्वे का हवाला देकर कहा कि 39 फीसदी एप डेवलपर्स एप स्टोर से बेहद नाखुश हैं।

    - इस पर कुक ने कहा कि एप स्टोर पर कोई भी एप देखने आए यूजर्स यहां मौजूद सभी गेम एप देखते हैं, कुछ उनके यूजर भी बन जाते हैं। स्टोर इन डेवलपर्स के लिए संभावित उपभोक्ता मुहैया कर रहा है। इसकी एवज में कमीशन लगाना संतुलन स्थापित करता है। वहीं अधिकतर एप डेवलपर्स एप स्टोर के काम करने के मौजूदा ढंग से नाखुश नहीं है। लेकिन जज इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुईं।

    2.

    जज ने कहा कि एपिक द्वारा मुकदमा करने के बाद एपल ने अपना कमीशन 15फीसद घटा लिया, यह भी अब पहले10 लाख डॉलर की कमाई पर लगाया जा रहा है।

    - कुक ने बचाव में कहा कि यह कमी महामारी की वजह से उपजी मंदी में डेवलपर्स को राहत देने के लिए की गयी है। जज इस परभी संतुष्ट नहीं हुईं और कहा कि यह कमी मुकदमे से पड़े दबाव का परिणाम लगता है।