US सरकार का यू-टर्न: इन कंपनियों के लिए Anthropic के सबसे ताकतवर Mythos 5 को मिली मंजूरी, Fable 5 पर अब भी रोक
US Allows Anthropic Mythos 5 Use For These Companies:
अमेरिकी सरकार ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं के समाधान के बाद एंथ्रोपिक के शक्तिशाली एआई मॉडल Mythos 5 को सीमित स्तर पर दोबारा इस्तेमाल करने की मंजूरी दे दी है। हालांकि, यह अनुमति फिलहाल केवल चुनिंदा भरोसेमंद पार्टनर्स के लिए है, जबकि Fable 5 पर प्रतिबंध अभी भी जारी है। जानिए ट्रंप प्रशासन ने पहले रोक क्यों लगाई थी, कंपनी ने क्या बदलाव किए और आगे क्या हो सकता है।

विस्तार
अमेरिकी सरकार ने जानी-मानी एआई (AI) कंपनी एंथ्रोपिक को बड़ी राहत दी है। राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा बताते हुए कंपनी के सबसे पावरफुल एआई मॉडल्स पर जो रोक लगाई गई थी, उसे अब आंशिक रूप से हटा लिया गया है। हालांकि, यह छूट अभी सबके लिए नहीं है। आइए समझते हैं कि पूरा मामला क्या है और इसके क्या मायने हैं।
क्या था पूरा मामला?
पिछले कुछ हफ्तों से एंथ्रोपिक और अमेरिकी सरकार के बीच तनाव चल रहा था। सरकार को डर था कि विदेशी नागरिक एंथ्रोपिक के सबसे पावरफुल एआई मॉडल्स Mythos 5 और Fable 5 के सुरक्षा नियमों को तोड़कर इनका गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। इसी डर से सरकार ने अचानक इन दोनों मॉडल्स के इस्तेमाल पर रोक लगा दी थी।
अब क्या बदलाव हुआ है?
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लुटनिक ने एंथ्रोपिक को एक पत्र भेजा है। इस पत्र में बताया गया है कि:
- एंथ्रोपिक ने अमेरिकी सरकार के साथ मिलकर अपने एआई मॉडल की सुरक्षा कमियों को दूर किया है।
- सुरक्षा में हुए इस सुधार के बाद, Mythos 5 मॉडल को फिर से इस्तेमाल करने की मंजूरी दे दी गई है।
- हालांकि, यह मंजूरी सिर्फ कुछ भरोसेमंद पार्टनर्स के लिए ही है।
किसे मिलेगा इस्तेमाल करने का मौका?
यह एआई मॉडल अभी आम पब्लिक के लिए नहीं खोला गया है। एंथ्रोपिक ने बताया कि फिलहाल यह सिर्फ:
- साइबर सुरक्षा से जुड़ी कंपनियों
- बुनियादी ढांचा देने वाले कुछ चुनिंदा पार्टनर्स के लिए ही शुरू किया जा रहा है।
- कंपनी फिलहाल ऐसे मंजूर किए गए पार्टनर्स की एक लिस्ट तैयार कर रही है, ताकि वे जल्द से जल्द इस मॉडल का इस्तेमाल शुरू कर सकें।
Fable 5 का क्या होगा?
अगर आप सोच रहे हैं कि कंपनी के दूसरे धांसू मॉडल Fable 5 का क्या हुआ, तो बता दें कि उस पर अभी भी रोक बरकरार है। सरकार के नए पत्र में Fable 5 से जुड़ी किसी भी छूट का जिक्र नहीं है।
किन शर्तों पर मिली है यह मंजूरी?
अभी तक यह बात सामने नहीं आई है कि एंथ्रोपिक को यह मंजूरी पाने के लिए अपने सिस्टम में क्या-क्या बदलाव करने पड़े हैं। लेकिन, कंपनी इस फैसले से काफी खुश है। एंथ्रोपिक का कहना है कि वे सरकार के साथ आगे भी मिलकर काम करते रहेंगे, ताकि जल्द ही Fable 5 को भी सबके लिए दोबारा शुरू किया जा सके।