अमेरिका: फेसबुक में पारदर्शिता हाशिए पर, छवि प्रबंधन पर दे रही जोर 

Kuldeep Singh
न्यूयॉर्क टाइम्स न्यूज सर्विस, वाशिंगटनKuldeep Singh
Mon, 19 Jul 2021 09:22 AM IST
सार

क्राउडटैंगल के सह-संस्थापक ब्रैंडन सिल्वरमैन और फेसबुक में साझेदारी रणनीति के उपाध्यक्ष रहे ब्रॉयन बोलैंड जैसे लोगों ने कंपनी द्वारा ज्यादा से ज्यादा जानकारियां सार्वजनिक करने की वकालत की, तो दूसरी ओर मार्केटिंग व एनालिटिक्स से जुड़े कुछ अधिकारियों ने कहा कि कंपनी को सिर्फ चयनित डाटा ही उजागर करना चाहिए।

America: Transparency marginalized in Facebook, emphasis on image management
फेसबुक - फोटो : अमर उजाला।

    विस्तार

    टेक कंपनी फेसबुक को अब अपने 'घर' में ही पारदर्शिता को लेकर आपसी खींचतान का सामना करना पड़ रहा है। बीते कुछ महीने में कंपनी के डाटा टूल 'क्राउडटैंगल' के बहाने कई शीर्ष अधिकारी इस मसले पर आपस में भिड़ गए। कुछ शीर्ष अधिकारियों का कहना है कि कंपनी पारदर्शिता से ज्यादा छवि सुधार पर जोर दे रही है, तो वहीं, दूसरा प्रभावी खेमा इन आरोपों को नकार रहा है।

    'क्राउडटैंगल' को लेकर आपस में भिड़े अधिकारियों ने किया खुलासा

    क्राउडटैंगल के सह-संस्थापक ब्रैंडन सिल्वरमैन और फेसबुक में साझेदारी रणनीति के उपाध्यक्ष रहे ब्रॉयन बोलैंड जैसे लोगों ने कंपनी द्वारा ज्यादा से ज्यादा जानकारियां सार्वजनिक करने की वकालत की, तो दूसरी ओर मार्केटिंग व एनालिटिक्स से जुड़े कुछ अधिकारियों ने कहा कि कंपनी को सिर्फ चयनित डाटा ही उजागर करना चाहिए। बताया जा रहा है कि दुर्भाग्य से इस खींचतान में सिल्वरमैन जैसे लोगों को कदम खींचने पड़े। वहीं दूसरा खेमा जीत गया।

    सुधार रहे गलत धारणा

    क्राउडटैंगल से जुड़ी हर कहानी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे पता चलता है कि फेसबुक पारदर्शिता से ज्यादा सिर्फ अपनी छवि सुधारने के लिए बेताब रहती है। इस आंतरिक विवाद से जुड़े लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया है कि फेसबुक के शीर्ष अधिकारी नुकसानदेह सामग्री के प्रसार को लेकर कंपनी के खिलाफ बनी गलत धारणा ठीक करने पर ज्यादा जोर दे रहे हैं। इस छवि प्रबंधन के चलते पारदर्शिता फिर से हाशिए पर चली गई है। फेसबुक का हालिया विवाद इसका चरित्र का विवरण करता है।

    किनारे हुए पारदर्शिता की पैरवी करने वाले

    क्राउडटैंगल का पुनर्गठन दूसरे पारदर्शिता टूलों के साथ समावेश के लिए हुआ था लेकिन उल्टे इसे कमजोर किया जा रहा है। ऐसा करने के बावजूद अधिकारी कहते हैं कि वे पारदर्शिता के लिए कटिबध्द हैं। जिन अधिकारियों ने कंपनी में पारदर्शिता को सर्वोपरि रखने की सोची, उन्हें किनारे कर दिया गया है। उदाहरण खुद सिल्वरमैन हैं, जिनकी अब कंपनी में कोई स्पष्ट भूमिका नहीं है।

    बहुमूल्य क्राउडटैंगल

    क्राउडटैंगल फेसबुक के सबसे छोटे उत्पादों में से एक है लेकिन यह वैश्विक स्वास्थ्य संगठनों, चुनाव अधिकारियों और डिजिटल मार्केटिंग के लिए बहुमूल्य संसाधन साबित हुआ है। इससे फेसबुक को यूट्यूब और टिकटॉक के मुकाबले पारदर्शिता में बढ़त मिली थी। लेकिन बीते साल अमेरिकी चुनावों के दौरान बड़ी तादाद में दक्षिणपंथी झुकाव वाली और तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समर्थित सामग्रियों की मौजूदगी के चलते कंपनी पर बड़ा सवाल खड़ा हुआ है।