एक सेकेंड में 1 जीबी डाटा कर सकेंगे ट्रांसफर, 5जी का ट्रायल जल्द होगा शुरू

Harendra Chaudhary
टेक डेस्क, अमर उजालाHarendra Chaudhary
Mon, 25 Feb 2019 03:15 PM IST
airtel partnership with nokia to start 5G technology trial in India, 1 GB data transfer per second
ZTE 5G smartphone

    फिनलैंड की दूरसंचार उपकरण निर्माता कंपनी नोकिया का कहना है कि 2021 तक भारत में 5जी टेक्नोलॉजी की शुरुआत हो जाएगी। 5जी सेवाओं के लिए एयरटेल ने नोकिया के साथ पार्टनरशिप की है और ये दोनों कंपनियां साथ मिलकर 5जी टेक्नोलॉजी की दिशा में एक साथ काम करेंगी। नोकिया का कहना है कि 5जी से एक गीगाबिट प्रति सेकंड की स्पीड मिलेगी जो 4जी की तुलना में 25 गुना तेज है।

    नोकिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव सुरी के मुताबिक अमेरिका, दक्षिण कोरिया और चीन जैसे विकसित बाजारों के साथ भारत और लैटिन अमेरिका समेत उभरते बाजारों में 2021 तक 5जी टेक्नोलॉजी की शुरुआत हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही कंपनियों के लिये सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता हो जाएगी क्योंकि इस नेटवर्क के जरिये व्यापार की लाखों गोपनीय जानकारियों का आदान-प्रदान होने लगेगा।

    वहीं यूरोप तथा अन्य हिस्सों में कुछ कंपनियों पर रोक की चल रही चर्चा पर उनका कहना है कि कुछ कंपनियों पर रोक लगाये जाने से 5जी की शुरुआत की उसकी योजना पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। आखिरकार 5जी एक टेक्नोलॉजी है और उस पर किसी का कॉपीराइट नहीं है।

    गौरतलब है कि ऐसे कयास लगाये जाते रहे हैं कि चीन की कंपनी हुआवेई पर कई देशों में रोक लगाये जाने से 5जी की शुरुआत में देरी हो रही है और इससे लागत बढ़ रही है। कई देशों ने चीन की कंपनी हुआवेई से सामानों की खरीद पर रोक लगा दी है। ऐसी खबरें रही हैं कि हुआवेई के पास किसी अन्य कंपनी की तुलना में 5जी से संबंधित अधिक पेटेंट हैं।

    इससे पहले एयरटेल भारत में नोकिया के साथ मिल कर 5जी का फ्रंट हॉल ट्रायल शुरू करने वाली है। फ्रंट हॉल तकनीक बेस बैंड यूनिट और रेडियो के बीच का एक लिंक है। इस ट्रायल के जरिए एयरटेल की सोच यह है कि वह अपने नेटवर्क को 5जी टेक्नोलॉजी के लिए पहले से तैयार रखे। साथ ही इस ट्रायल के जरिए एयरटेल अपने मौजूदा नेटवर्क की परफॉर्मेंस को भी बढ़ा सकती है। साथ ही, ट्रायल के जरिए सर्विस प्रोवाइडर्स की बैंडविथ की डिमांड को भी समझने में मदद मिलेगी।

    और पढ़ें...