GOOGLE: 90% टेक वर्कर्स काम में कर रहे हैं AI का इस्तेमाल, गूगल की रिपोर्ट
गूगल की नई रिपोर्ट के मुताबिक 90% टेक वर्कर्स अब काम में AI टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। जानें AI कैसे बदल रहा है कोडिंग, डॉक्यूमेंटेशन और नई नौकरियों का भविष्य।

विस्तार
टेक इंडस्ट्री में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। गूगल की नई रिपोर्ट में सामने आया है कि दुनिया भर के 90% टेक वर्कर्स अब अपने काम में AI टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। पिछले साल की तुलना में ये 14 प्रतिशत ज्यादा है।
कैसे हो रहा है AI का इस्तेमाल ?
गूगल की डोरा रिसर्च डिवीजन ने ये सर्वे 5,000 टेक प्रोफेशनल्स के बीच किया। रिपोर्ट में पाया गया कि ज्यादातर इंजीनियर्स और डेवलपर्स कोड लिखने, उसे एडिट करने और डाटा एनालिसिस जैसे कामों के लिए AI का इस्तेमाल कर रहे हैं। गूगल के जेमिनी कोड असिस्ट जैसे टूल्स अब कोडिंग से लेकर डॉक्यूमेंटेशन तक हर स्तर पर शामिल हो चुके हैं।
भरोसा अधूरा, उम्मीदें ज्यादा
रिपोर्ट के मुताबिक, सभी प्रोफेशनल्स AI से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। 46% ने कहा कि वे AI-जनरेटेड कोड पर ज्यादा भरोसा नहीं कर पाते। 23% ने कहा कि वे बहुत कम भरोसा कर पाते हैं। सिर्फ 20% ने कहा कि उन्हें इस पर पूरा भरोसा है। गुणवत्ता के मामले में भी मतभेद देखने को मिले। 31% वर्कर्स को लगा कि AI ने कोड क्वालिटी थोड़ी बेहतर की है, जबकि 30% ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ा।
नए प्रोफेशनल्स के लिए चुनौती
AI के बढ़ते इस्तेमाल से नए कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स के लिए जॉब पाना मुश्किल हो गया है। न्यूयॉर्क फेड की रिपोर्ट के अनुसार, हाल के समय में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग जॉब्स में 71% की गिरावट दर्ज की गई है। कई फ्रेश ग्रेजुएट्स ने बताया कि उन्हें नौकरी पाने के लिए 100 से ज्यादा जगह आवेदन करना पड़ा।
‘फैशन इंडस्ट्री’ बनता जा रहा सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट
गूगल के अधिकारी रायन जे. साल्वा ने कहा कि AI अब गहराई से सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट का हिस्सा बन चुका है। हालांकि, अभी भी ऐसे कई अहम हिस्से हैं जिन्हें पूरी तरह ऑटोमेट करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि “सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट अब फैशन इंडस्ट्री जैसा हो गया है। जैसे लोग नई जींस के ट्रेंड का इंतजार करते हैं, वैसे ही सब AI को लेकर उत्साहित हैं।”
गूगल की ये रिपोर्ट साफ संकेत देती है कि टेक इंडस्ट्री में AI का इस्तेमाल अब रोजमर्रा का हिस्सा बन चुका है। लेकिन इसके साथ ही, नए नौकरी तलाशने वालों के सामने बड़ी चुनौतियां भी खड़ी हो रही हैं।