Year Ender 2022: साल 2022 में स्मार्टफोन के डिजाइन और टेक्नोलॉजी में हुए ये बड़े बदलाव, ये रहे सबसे खास

साल 2022 खतम होने में अब आखिरी सप्ताह ही बाकी है। इस साल हमने स्मार्टफोन डिवाइस में कई तरह के बड़े बदलाव देखें हैं। इस साल स्मार्टफोन में इन-बिल्ट ईयरबड्स से लेकर, ट्रांसपेरेंट बैक पैनल और इसमें एलईडी लाइट्स का शानदार उपयोग तक देखने मिला। वहीं इस साल एपल ने अपने लेटेस्ट आईफोन 14 सीरीज में कई बड़े बदलाव किए, जिनमें डायनेमिक आईलैंड से लेकर सैटेलाइट कनेक्टिविटी और क्रैश डिटेक्शन फीचर्स भी शामिल हैं। चलिए जानते हैं साल 2022 में स्मार्टफोन में हुए सबसे बड़े बदलावों के बारे में...

स्मार्टफोन में इन-बिल्ट ईयरबड्स
स्मार्टफोन ब्रांड नोकिया ने इन-बिल्ट ईयरबड्स वाला फोन Nokia 5710 Xpress Audio को इसी साल सितंबर में पेश किया। यह अपने तरह का एक सबसे अलग एक्सपेरिमेंट में से एक है। फोन दिखने में भी शानदार लगता है और यूजफुल भी है। यानी आपको इस फोन के साथ अलग से ईयरबड्स लेकर चलने की जरूरत नहीं होती है। सिर्फ इतना ही नहीं इस फोन में म्यूजिक कंट्रोल के लिए अलग से बटन भी दिया गया है। यानी म्यूजिक लवर्स के लिए यह फोन काफी यूजफुल है। Nokia 5710 Xpress Audio के साथ 2.4 इंच की QVGA डिस्प्ले दी गई है।
इसके अलावा इसमें यूनिसोक T107 प्रोसेसर दिया गया है। नोकिया 5710 एक्सप्रेस ऑडियो के साथ T9 कीबोर्ड भी है। फोन में 0.3 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। फोन के साथ 48 एमबी रैम और 128 एमबी की इनबिल्ट स्टोरेज दी गई है जिसे मेमोरी कार्ड की मदद से 32 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। फोन में 1450 एमएएच की बैटरी है जिसे लेकर 20 दिनों के बैकअप का दावा है। फोन में डुअल 4G सिम कार्ड का सपोर्ट है। नोकिया 5710 एक्सप्रेस ऑडियो की कीमत 6,499 रुपये है।

ट्रांसपेरेंट बैक पैनल वाला स्मार्टफोन
यूनीक और ट्रांसपेरेंट डिजाइन के लिए फेमस नथिंग ने इस साल अपना पहला स्मार्टफोन Nothing Phone 1 लॉन्च किया। इस फोन की डिजाइन ने इस साल सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। मार्केट में आने से पहले ही यह फोन अपने फीचर्स और डिजाइन को लेकर भी काफी चर्चा में रहा था। फोन के साथ ट्रांसपेरेंट और Glyph इंटरफेस दिया गया जो कि एलईडी स्ट्रिप्स के साथ आता है। नथिंग के इस फोन में एलईडी नोटिफिकेशन लाइट्स इस फोन के डिजाइन को और खास बनाती हैं।
ये लाइट्स फोन कॉल आने से लेकर नोटिफिकेशन के आने पर भी जलती हैं। फोन के बैक पैनल पर बैटरी का लेवल भी दिखता है। Nothing Phone 1 को क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 778G+ प्रोसेसर और डुअल रियर कैमरा से लैस किया गया। फोन में दोनों रियर कैमरे 50 मेगापिक्सल के हैं। फोन के फ्रंट और बैक दोनों पर गोरिल्ला ग्लास का प्रोटेक्शन दिया गया है।