Wifi: आसान भाषा में समझें क्या होता है वाई-फाई? और कैसे करता है ये काम

निरंतर होती तकनीकी उन्नति हमारी सभ्यता को नई ऊंचाइयों पर लेकर जा रही है। आज हम चौथी औद्योगिक क्रांति के मुहाने पर खड़े हैं, जहां विश्व के कई देश परंपरागत ढांचे को छोड़ अब डाटा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के स्तर पर एक दूसरे से प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। स्मार्टफोन से लेकर स्मार्ट डिवाइसेस और गैजेट्स ने हमारे काम को काफी आसान बना दिया है। वैश्विक स्तर पर सूचना का प्रवाह काफी तेज हो गया है। रोजाना ऐसे कई इनोवेशन हो रहे हैं, जो आने वाले समय में भविष्य को एक नई दिशा देने का काम करेंगे। इसी कड़ी में आज हम बात करने वाले हैं वाई-फाई की। वाई-फाई की तकनीक से आप सभी लोग परिचित हैं। हम सभी लोग रोजाना अपने कार्यों के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं। वहीं क्या आपको इस बारे में पता है कि वाई-फाई क्या है और ये काम कैसे करता है? अगर नहीं, तो आज हम आपको इसी के बारे में बताने वाले हैं। आइए जानते हैं -

क्या होता है वाई-फाई?
Wifi यानी Wireless fidelity एक ऐसी खास तकनीक है, जिसमें नेटवर्क कनेक्टिविटी को देने के लिए रेडियो वेब का इस्तेमाल किया जाता है। रेडियो वेब के द्वारा दी जा रही नेटवर्क कनेक्टिविटी के जरिए ही इंटरनेट का इस्तेमाल किया जाता है। वाईफाई का इस्तेमाल आज केवल वायरलेस इंटरनेट के लिए ही नहीं किया जा रहा बल्कि इसका बड़े स्तर पर प्रयोग वायरलेस डाटा भेजने के लिए भी हो रहा है।

इंटरनेट पर आपको ऐसे कई ऐप्स मिल जाएंगे, जिनके माध्यम से आप आसानी से अपनी फोटो, वीडियो, फोल्डर और फाइल्स को आसानी से किसी दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर या मोबाइल फोन में भेज सकते हैं।