Metaverse: क्या है मेटावर्स, भविष्य की इस तकनीक के आने के बाद क्या वाकई हम वास्तविक और वर्चुअल दुनिया में फर्क करना भूल जाएंगे?

संकल्प सिंह
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसंकल्प सिंह
Sun, 16 Jan 2022 01:13 PM IST
Metaverse: What Is Metaverse? Will We Really Forget to Distinguish Between Real and Virtual World After This Future Technology Tech News in Hindi
मेटावर्स टेक्नोलॉजी क्या है? - फोटो : Istock

    आप में से कई लोगों ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोकप्रिय टीवी सीरीजब्लैक मिररजरूर देखी होगी। ये सीरीज हमें एक ऐसे डिस्टोपियन फ्यूचर को दिखाती है, जहां पर तकनीक के विकास का इंसानों के व्यवहार पर क्या असर पड़ता है। टीवी श्रृंखला के एक एपीसोड में उस भविष्य को दिखाया गया है, जहां एक इंसान तकनीक की गिरफ्त में आकर वर्चुअल और वास्तविक दुनिया के बीच फर्क करना भूल जाता है। हमारा भविष्य भी कुछ ऐसा ही होने वाला है। अब हम एक मेटावर्स की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं, जहां पर वास्तविक दुनिया के साथ एक आभासी दुनिया भी होगी। इसी कड़ी में आज हम जानेंगे कि मेटावर्स क्या है और भविष्य की इस तकनीक के आने के बाद क्या वाकई हम वास्तविक और वर्चुअल दुनिया में फर्क करना भूल जाएंगे?

    क्या है मेटावर्स

    मेटावर्स इंटरनेट के उस चरण का विकास है, जहां पर वास्तविकता को एक वर्चुअल रूप दिया जाएगा। इस वर्चुअल दुनिया में हमारे आपके और कई लोगों के वर्चुअल अवतार या कहें प्रतिरूप होंगे, जिनसे हम 3D रूप में इंटरैक्ट करेंगे। हालांकि, मेटावर्स की इस Augmented Reality की दुनिया में एक दूसरे के साथ वर्चुअली रूप से मिलने के लिए हमारे पास वीआर (Virtual Reality) हेडसेट का होना जरूरी होगा। आज दुनिया की बड़ी टेक जायंट कंपनियां मेटावर्स में बिलियंस ऑफ डॉलर्स का इन्वेस्टमेंट कर रही हैं।

    मेटावर्स टेक्नोलॉजी क्या है?
    मेटावर्स टेक्नोलॉजी क्या है? - फोटो : Istock

    कैसी होगी मेटावर्स की दुनिया

    आज जिस तरह हम वास्तविक दुनिया में एक दूसरे के साथ मिलते जुलते हैं। उसी तरह मेटावर्स की दुनिया में हम संवर्धित वास्तविकता (Augmented Reality) में एक दूसरे के साथ मिलना जुलना करेंगे। यही नहीं इस वर्चुअल दुनिया में हम और हमारे दोस्तों के वर्चुअल 3D अवतार (Avatars) होंगे, जिनके साथ हम मेटावर्स में कुछ भी कर सकेंगे, जिसे हम वास्तविक दुनिया में कर सकते हैं। यहां हम अपने रहने के लिए वर्चुअल घर और जमीन खरीद सकेंगे। मेटावर्स पर हम अपने दोस्तों के साथ डिस्को में एन्जॉय कर सकेंगे, उनके साथ खेल का लुत्फ उठा सकेंगे, फिल्में देख सकेंगे। हालांकि, इन सब चीजों को अंजाम देने के लिए हमारे वीआर बॉक्स का होना जरूरी होगा।

    मेटावर्स टेक्नोलॉजी क्या है?
    मेटावर्स टेक्नोलॉजी क्या है? - फोटो : Istock

    मेटावर्स बनेगा दुनिया का बड़ा बिजनेस प्लेटफॉर्म

    मेटावर्स एक वर्चुअल दुनिया होगी। संवर्धित वास्तविकता की इस दुनिया में हम सभी का एक वर्चुअल प्रतिरूप होगा। आज जिस तरह हम गेमिंग दुनिया में अपने कैरेक्टर के लिए उपकरण और उसके अलग अलग कपड़े खरीदते हैं। उसी तरह मेटावर्स की दुनिया में लोग अपने प्रतिरूप के लिए कपड़े, जूते और हेयर स्टाइल को सुधारने के लिए पैसे खर्च करेंगे। उसी के समानांतर मेटावर्स पर वो लोग भी मौजूद होंगे, जो लोगों के डिजिटल अवतारों को कपड़े बेचने, हेयर स्टाइल सुधारने की सर्विस ऑफर करेंगे। ऐसे में मेटावर्स लोगों के लिए एक बहुत बड़ा बिजनेस प्लेटफॉर्म भी बनने वाला है।