Whatsapp Communities: व्हाट्सएप कम्युनिटी के इस्तेमाल से लेकर क्रिएट करने तक, जानें सबकुछ

व्हाट्सएप कम्युनिटी, इस्टेंट मैसेजिंग एप व्हाट्सएप के बड़े फीचर अपडेट में से एक है जिसे हाल ही में पेश किया गया है। व्हाट्सएप कम्युनिटी फीचर्स के जरिए पोल किया जा सकेगा और वन टैप वीडियो कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा वीडियो कॉलिंग में किसी ग्रुप में एक साथ 32 लोग शामिल हो सकेंगे। इस फीचर का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आप सभी ग्रुप को एक कम्युनिटी के अंदर रख सकते हैं। सभी ग्रुप का अपडेट एक ही कम्युनिटी में मिलेगा। कम्युनिटी फीचर के तहत एडमिन किसी भी तरह की घोषणा कर सकेगा।

कैसे होगा कम्युनिटी फीचर का इस्तेमाल?
व्हाट्सएप कम्युनिटी फीचर को एक ही तरह के ग्रुप को व्यवस्थित करने के लिए लाया गया है। इसकी मदद से पड़ोस के कई सारे व्हाट्सएप ग्रुप्स और ऑफिस के ग्रुप्स को अलग-अलग कम्युनिटी फीचर में रखा जा सकता है। यानी एक कम्युनिटी ऑफिस की बनाई जा सकती है, जिसमें ऑफिस से संबंधित सभी ग्रुप होंगे। वहीं एक कम्युनिटी में पड़ोसी और इसी तरह के अन्य ग्रुप को शामिल किया जा सकता है।

व्हाट्सएप का मानना है कि इससे बहुत सारे ग्रुप को मैनेज करना आसान हो जाता है। व्हाट्सएप कम्युनिटी फीचर को आसान शब्दों में समझें तो यह ग्रुप का ग्रुप ही है, जिसमें कई सारे ग्रुप को एक ही कम्युनिटी के अंदर रखा जा सकता है। वहीं इसमें वन टैप वीडियो कॉलिंग के साथ ग्रुप कॉल में एक साथ 32 लोगों को भी शामिल किया जा सकता है।