आखिर कौन-सी बला है 'टिक-टॉक' जिसके पीछे पागल हुए जा रहे हैं लोग

एक चुटकी सिंदूर की क़ीमत तुम क्या जानो रमेश बाबू? बैकग्राउंड में दीपिका पादुकोण की आवाज में 'ओम शांति ओम' फिल्म का ये डायलॉग सुनाई पड़ता है और सामने एक आम लड़की का चेहरा दिखता है। लड़की अपनी उंगलियां माथे की ओर ले जाती है और भावुक आंखों से डायलॉग की तर्ज पर अपने होंठ हिलाती है। इंटरनेट इस्तेमाल करने वाला हर शख्स ऐसे छोटे-छोटे वीडियो से दो-चार होता है। ऐसे ज्यादातर वीडियो चीनी ऐप'टिक-टॉक' की देन हैं। अब सवाल यह है कि आखिर ये टिक टॉक है क्या और इसमें ऐसा क्या है जिसके पीछे सब पागल हो रहे हैं। आइए जानते हैं विस्तार से।

क्या है टिक टॉक
टिक-टॉक' एक सोशल मीडिया ऐप्लिकेशन है जिसके जरिए स्मार्टफोन यूजर छोटे-छोटे वीडियो (15 सेकेंड तक के) बना और शेयर कर सकते हैं। 'बाइट डान्स' इसके स्वामित्व वाली कंपनी है जिसने चीन में सितंबर, 2016 में 'टिक-टॉक' लॉन्च किया था। साल 2018 में 'टिक-टॉक' की लोकप्रियता बहुत तेजी से बढ़ी और अक्टूबर 2018 में ये अमरीका में सबसे ज्यादा डाउनलोड किया जाने वाला ऐप बन गया। गूगल प्ले स्टोर पर टिक-टॉक का परिचय 'Short videos for you' (आपके लिए छोटे वीडियो) कहकर दिया गया है। प्ले-स्टोर पर टिक-टॉक को परिभाषित कहते हुए लिखा गया है- टिक-टॉक मोबाइल से छोटे-छोटे वीडियो बनाने का कोई साधारण जरिया नहीं है। इसमें कोई बनावटीपन नहीं है, ये रियल है और इसकी कोई सीमाएं नहीं हैं। टिक-टॉक पर आइए और 15 सेकेंड में दुनिया को अपनी कहानी बताइए।

भारत में टिक-टॉक के डाउनलोड का आंकड़ा 100 मिलियन के ज्यादा है। इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार इसे हर महीने लगभग 20 मिलियन भारतीय इस्तेमाल करते हैं। भारतीयों में टिक-टॉक की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आठ मिलियन लोगों ने गूगल प्ले स्टोर पर इसका रिव्यू किया है। दिलचस्प बात ये है कि 'टिक-टॉक' इस्तेमाल करने वालों में एक बड़ी संख्या गांवों और छोटे शहरों के लोगों की है। इससे भी ज़्यादा चौंकाने वाली बात ये है कि टिक-टॉक की दीवानगी सात-आठ साल की उम्र के छोटे-छोटे बच्चों के तक के सिर चढ़कर बोल रही है।