अलर्ट: WhatsApp का यह नया वर्जन है बहुत खतरनाक, लोगों के बैंक अकाउंट हो रहे खाली

व्हाट्सएप दुनिया में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला मल्टीमीडिया इंस्टैंट मैसेजिंग एप है। अकेले भारत में ही व्हाट्सएप को करीब 55 करोड़ लोग इस्तेमाल करते हैं। व्हाट्सएप पर आए दिन तमाम तरह के मैसेज भेजे और प्राप्त किए जाते हैं। व्हाट्सएप को एंड्रॉयड फोन में गूगल प्ले-स्टोर और आईफोन में एपल के एप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है, लेकिन इन दोनों के अलावा कई अन्य सोर्स भी हैं जहां से व्हाट्सएप डाउनलोड किया जा रहा है। तीसरे सोर्स को तकनीकी भाषा में थर्ड पार्टी सोर्स कहा जाता है और इन सोर्स से किसी भी एप को डाउनलोड करना हमेशा खतरनाक होता है। अब व्हाट्सएप के एक नया वर्जन खूब वायरल हो रहा है जिसे किसी थर्ड पार्टी सोर्स या apk फाइल के जरिए लोग अपने फोन में इंस्टॉल कर रहे हैं। इस नए वर्जन का नाम FMWhatsApp है, लेकिन यह आपके लिए बहुत खतरनाक है। आइए जानते हैं क्यों और इससे बचने का तरीका क्या है?

क्या है FMWhatsApp?
सबसे पहली बात जो आपके लिए जानना जरूरी है, वह यह है कि व्हाट्सएप के इस नए वर्जन का नाम FMWhatsApp है जो कि व्हाट्सएप के असली एप का एक मोडिफाइड वर्जन है। इस एप को लोग एपीके या किसी थर्ड पार्टी सोर्स से डाउनलोड कर रहे हैं। FMWhatsApp के जरिए व्हाट्सएप के डिलीट हुए मैसेज को भी पढ़ने का दावा किया जा रहा है।

FMWhatsApp फिलहाल एंड्रॉयड यूजर्स के लिए ही उपलब्ध है और यह फोन आपके स्मार्टफोन को पूरी तरह से कंट्रोल कर सकता है और आपकी मर्जी के बिना आपके फोन में सारे काम कर सकता है। यह एप आपके बैंक अकाउंट को भी खाली कर सकता है।