काम की बात: फोन की यह सेटिंग है जबरदस्त, पासवर्ड नहीं भी लगाएंगे तो कोई और नहीं कर पाएगा इस्तेमाल

आजकल स्मार्टफोन का जमाना है। लगभग हर किसी के हाथ में कोई न कोई स्मार्टफोन दिख ही जाता है। अगर आपके पास भी स्मार्टफोन है तो आपको पता होगा कि इसका कितना ध्यान रखना पड़ता है। दरअसल, आजकल बैंकिंग से जुड़े हर काम स्मार्टफोन के माध्यम से ही हो रहे हैं या फिर बहुत सारे लोग अपने कुछ निजी डेटा को भी स्मार्टफोन में ही रख लेते हैं। ऐसे में उसकी सुरक्षा एक अहम मुद्दा बन जाता है। इसलिए लोग अपने फोन में पासवर्ड लगाकर रखते हैं, ताकि कोई दूसरा उनका मोबाइल फोन इस्तेमाल न कर सके। लेकिन क्या आपको पता है कि आपके फोन में ही एक ऐसी सेटिंग मौजूद होती है, जिसका इस्तेमाल करने पर आपको अपने फोन में पासवर्ड लगाने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी और आपकी बिना मर्जी के कोई भी फोन का इस्तेमाल भी नहीं कर सकेगा।आइए जानते हैं इसके बारे में...

दरअसल, एंड्रॉयड फोन में एक खास फीचर मौजूद होता है, जिसके इस्तेमाल से आप अपने फोन में मौजूद पर्सनल डाटा को दूसरों से बचा सकते हैं। इस फीचर को Pin the Screen या Screen Pinning नाम से जाना जाता है। यह फीचर एंड्रॉयड 5.0 और उसके बाद के सभी वर्जन में उपलब्ध है। सैमसंग के एंड्रॉयड फोन में इस फीचर का नाम pin windows है।

Pin the Screen या Screen Pinning फीचर की मदद से आप अपने फोन में मौजूद किसी भी एप को लॉक कर सकते हैं। दरअसल, ऐसा करने के बाद आपके फोन में उस एप के अलावा और कोई एप खुलेगा ही नहीं, जब तक की आप न चाहें। उदाहरण के लिए मान लीजिए कि अगर आप किसी को फेसबुक इस्तेमाल करने के लिए अपना फोन दे रहे हैं तो Pin the Screen फीचर की मदद से फेसबुक एप को लॉक कर दीजिए। इसके बाद वह व्यक्ति आपके फोन में फेसबुक के अलावा दूसरा कोई भी एप इस्तेमाल नहीं कर सकेगा।