Vivo V20 भारत में हुआ लॉन्च, यह है भारत का पहला 44MP का सेल्फी कैमरे वाला फोन

वीवो ने भारतीय बाजार में अपना नया स्मार्टफोन Vivo V20 लॉन्च कर दिया है। वीवो के Vivo V20 की चर्चा इसके कैमरे और डिजाइन को लेकर है। दावा है कि Vivo V20 भारत में लॉन्च होने वाला अब तक का सबसे पतला फोन है। इसके अलावा इस फोन की डिजाइन हर बार नए एंगल से देखने पर एक नए कलर में नजर आता है। Vivo V20 की खासियतों की बात करें तो इसमें डुअल व्यू कैमरा दिया गया है यानी आप एक ही समय में रियर और फ्रंट दोनों कैमरे का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा Vivo V20 भारत में लॉन्च होने वाला पहला स्मार्टफोन है जिसमें 44 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। खास बात यह है कि आप फ्रंट कैमरे से भी 4के वीडियो रिकॉर्ड कर सकेंगे। आइए जानते हैं इस फोन की कीमत और अन्य फीचर्स के बारे में...

Vivo V20 की स्पेसिफिकेशन
वीवो के इस फोन में 6.44 इंच की फुल एचडी प्लस सुपर एमोलेड डिस्प्ले दी गई है जिसके साथ एचडीआर 10 का भी सपोर्ट है। यह फोन महज 7.38एमएम पतला है और इसका वजन 171 ग्राम है। डिस्प्ले पर 2.5डी कर्व्ड ग्लास भी है। फोन में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 720G प्रोसेसर है जिसे 8 नैनोमीटर प्रोसेस पर तैयार किया गया है। वीवो के इस फोन में 8 जीबी तक रैम और 256 जीबी तक की स्टोरेज मिलेगी। Vivo V20 को एंड्रॉयड 11 आधारित Funtouch OS 11 के साथ लॉन्च किया गया है। पिक्सल के बाद यह पहला फोन है जिसके साथ आउट ऑफ बॉक्स एंड्रॉयड 11 मिल रहा है।

Vivo V20 का कैमरा
कैमरे की बात करें तो इस फोन मे 64 मेगापिक्सल का ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। मेन कैमरा 64 मेगापिक्सल का है, दूसरा लेंस 8 मेगापिक्सल का है जिसके साथ सुपर वाइड एंगल, बोकेह और सुपर मैक्रो का सपोर्ट है, वहीं तीसरा लेंस 2 मेगापिक्सल का मोनो कैमरा है। सेल्फी के लिए आपको 44 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलेगा। बता दें कि Vivo V20 भारत में लॉन्च होने वाला पहला ऐसा फोन है जिसमें 44 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। दोनों कैमरे के साथ 4के वीडियो रिकॉर्डिंग का सपोर्ट है। इसके अलावा फ्रंट कैमरे में ऑटो आईफोकस और डुअल मोड भी दिया गया है। डुअल मोड की मदद से आप रियर और फ्रंट कैमरे से एक साथ वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकते हैं।