दीपिंदर गोयल का ₹85,000 वाला टेंपल वियरेबल: हार्ट रेट ट्रैकिंग में एपल वॉच को पछाड़ने का दावा, जानें खासियत

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Mon, 02 Nov 2026 03:24 PM IST
सार

Temple Beats Apple Watch In Accuracy: जोमैटो के फाउंडर दीपिंदर गोयल का नया वियरेबल डिवाइस टेंपल हार्ट रेट ट्रैकिंग के मामले में एपल वॉच, गार्मिन और फिटबिट जैसे ब्रांड्स को पीछे छोड़ने का दावा कर रहा है। कंपनी का दावा है कि टेस्ट में इसकी सटीकता सबसे बेहतर रही। यह डिवाइस कलाई की बजाय कनपटी पर लगाया जाता है। जानिए इस डिवाइस को क्यों खास बताया जा रहा है।

temple wearable beats apple watch garmin fitbit heart rate accuracy price features
टेंपल डिवाइस - फोटो : @deepigoyal

    स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड के बाजार में अब तक ज्यादातर कंपनियां कलाई पर पहने जाने वाले डिवाइस के जरिए हार्ट रेट, स्टेप्स और कैलोरी जैसी जानकारी देती रही हैं। लेकिन जोमैटो के फाउंडर दीपिंदर गोयल का नया वियरेबल इस तरीके से थोड़ा अलग है। उनकी कंपनी टेंपल (Temple) ने एक ऐसा डिवाइस तैयार किया है, जिसे कलाई की बजाय कनपटी पर लगाया जाता है।

    दीपिंदर गोयल ने दावा किया है कि हार्ट रेट ट्रैकिंग के मामले में उनका यह डिवाइस एपल वॉच, गार्मिन, फिटबिट, WHOOP और Oura जैसे लोकप्रिय वियरेबल्स से ज्यादा सटीक डेटा देता है। कंपनी के एक इंटरनल टेस्ट में टेंपल ने आराम करने से लेकर तेज एक्सरसाइज तक सभी हार्ट रेट जोन में कम गलती दर्ज की।

    खास बात यह है कि टेंपल का पहला बैच भारत में 85,000 रुपये की कीमत पर प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध है। इसमें लाइफटाइम सॉफ्टवेयर सब्सक्रिप्शन भी शामिल है। आइए जानते हैं इस डिवाइस की खासियत और यह दूसरी स्मार्टवॉच से कैसे अलग है।

    एपल वॉच समेत 5 वियरेबल्स को टक्कर देने का दावा
    एपल वॉच समेत 5 वियरेबल्स को टक्कर देने का दावा - फोटो : टेंपल

    एपल वॉच समेत 5 वियरेबल्स को टक्कर देने का दावा

    दीपिंदर गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक स्टडी के नतीजे शेयर किए हैं। इसमें टेंपल की तुलना पांच प्रीमियम वियरेबल डिवाइस से की गई। इनमें एपल वॉच सीरीज 12, Garmin FR970, Fitbit Air, WHOOP MG और Oura Ring 5 शामिल हैं।

    इस टेस्ट में Polar H10 चेस्ट स्ट्रैप को रेफरेंस डिवाइस बनाया गया था। यानी बाकी सभी वियरेबल्स के हार्ट रेट डेटा की तुलना इस डिवाइस से की गई। टेस्ट के दौरान चेस्ट स्ट्रैप को सामान्य तरीके से पहनाने की बजाय छाती पर टेप से चिपकाया गया, ताकि तेज दौड़ने के दौरान उसका संपर्क न टूटे और हार्टबीट रिकॉर्ड करने में गलती न हो। सभी डिवाइस की रीडिंग को आराम की स्थिति से लेकर अधिकतम शारीरिक मेहनत तक हर सेकंड के आधार पर जांचा गया।

    गोयल के मुताबिक, टेंपल ने आराम करने और एक्सरसाइज के सभी पांच हार्ट रेट जोन में सबसे कम एरर दर्ज किया। एपल वॉच सीरीज 12 इस टेस्ट में टेंपल के सबसे करीब रही, जबकि Oura Ring 5 में सबसे ज्यादा गलती देखने को मिली। कंपनी ने यह भी दावा किया कि तेज एक्सरसाइज वाले जोन 4 और 5 में टेंपल ने बिना टेप वाले चेस्ट स्ट्रैप से भी बेहतर नतीजे दिए।

    एक खास पैच से कनपटी पर चिपकता है डिवाइस
    एक खास पैच से कनपटी पर चिपकता है डिवाइस - फोटो : @deepigoyal

    आखिर कैसे काम करता है टेंपल वियरेबल?

    टेंपल की सबसे बड़ी खासियत इसका डिजाइन है। इसे स्मार्टवॉच की तरह कलाई पर बांधने या स्मार्ट रिंग की तरह उंगली में पहनने की जरूरत नहीं होती। यह माथे और कान के बीच कनपटी वाले हिस्से पर लगाया जाता है। डिवाइस को त्वचा पर टिकाए रखने के लिए कंपनी खास एडहेसिव पैच देती है। गोयल के मुताबिक, तेज एक्सरसाइज के दौरान शरीर के कुछ हिस्सों में त्वचा के नीचे रक्त प्रवाह प्रभावित हो सकता है, लेकिन कनपटी पर ऐसा कम होता है। इसलिए कनपटी पर लगने वाला यह डिवाइस सटीक जानकारी देता है।

    टेंपल एक ब्रेन-मॉनिटरिंग वियरेबल है जो ब्रेनफ्लो (BrainFlow) नाम की एडवांस तकनीक का इस्तेमाल करता है। यह सीधे आपके दिमाग के ब्लड फ्लो (सेरेब्रल ब्लड फ्लो) को मापती है। आसान शब्दों में कहें तो स्मार्टवॉच आपके शरीर की ब्लड फ्लो को मापती है, जबकि टेंपल आपके दिमाग की। कंपनी ने शरीर के चार अलग-अलग हिस्सों पर एक ही सेंसर की टेस्टिंग की और कनपटी पर सबसे सटीक रीडिंग मिलने का दावा किया है।

    और पढ़ें...