Sony Xperia 1 VIII की धमाकेदार एंट्री: क्या अपने नए कैमरे और प्रोसेसर से बाजार में वापसी करेगी सोनी?
Sony, Xperia 1 VIII:
सोनी ने अपना लेटेस्ट फ्लैगशिप स्मार्टफोन Sony Xperia 1 VIII लॉन्च कर दिया है। दमदार स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 5 प्रोसेसर, शानदार 48MP कैमरा सेटअप और बेहतरीन एआई फीचर्स से लैस यह फोन टेक्नोलॉजी और फोटोग्राफी के दीवानों को काफी पसंद आने वाला है। सबसे खास बात यह है कि आज के दौर में भी इस प्रीमियम फोन में 3.5mm हेडफोन जैक और माइक्रोएसडी कार्ड (मेमोरी कार्ड) का सपोर्ट बरकरार रखा गया है। आइए जानते हैं इस नए फोन में कौन से खास फीचर्स मिलते हैं और क्या होने वाली है इसकी कीमत?

सोनी ने अपने नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन Sony Xperia 1 VIII को आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। जो बेहतरीन कैमरा तकनीक, सुपर-फास्ट प्रोसेसर और शानदार ऑडियो क्वालिटी का एक बेजोड़ मेल है। इस प्रीमियम फोन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कंपनी ने इसमें 3.5mm हेडफोन जैक और माइक्रोएसडी कार्ड स्लॉट को बरकरार रखा है। ये इसे बाजार में मौजूद अन्य फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स के मुकाबले एक अलग और खास पहचान दिलाते हैं।
क्लासिक डिजाइन और बिना रुकावट वाला शानदार डिस्प्ले
इस फोन में सोनी का पुराना और जाना-पहचाना डिजाइन देखने को मिलता है। इसमें 6.5 इंच का फ्लैट LTPO डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है। आजकल के स्मार्टफोन्स की तरह इसमें कैमरे के लिए कोई पंच-होल कटआउट (डिस्प्ले के बीच में कैमरे का छेद) नहीं है, बल्कि ऊपर और नीचे पतले बेजल्स दिए गए हैं।
ताकि आपको वीडियो देखते समय एकदम क्लियर और बिना किसी रुकावट वाला व्यू मिले। इसके अलावा, फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए फोन के किनारे पर एक खास कैमरा शटर बटन भी मौजूद है, जिससे फोटो खींचना कैमरे जैसा ही फील देता है।

कैमरे में हुए हैं बड़े और शानदार बदलाव
इस साल कैमरे के मामले में फोन में काफी कुछ नया किया गया है। पुराने मॉडल्स में मिलने वाले वेरिएबल जूम की जगह अब एक फिक्स 70mm का टेलीफोटो लेंस दिया गया है। यह नया टेलीफोटो कैमरा 48 मेगापिक्सल के बड़े सेंसर (1/1.56-इंच) और f/2.8 अपर्चर के साथ आता है, जिससे रात के समय या कम रोशनी में भी बहुत साफ और बेहतरीन तस्वीरें आती हैं।
इसके साथ ही पीछे की तरफ 48 मेगापिक्सल का मेन कैमरा (ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन के साथ) और 48 मेगापिक्सल का ही अल्ट्रा-वाइड कैमरा लगा है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए आगे की तरफ 12 मेगापिक्सल का कैमरा मौजूद है। फोन के सभी कैमरे 'RAW मल्टी-फ्रेम प्रोसेसिंग' को सपोर्ट करते हैं, जिसका मतलब है कि हर लेंस से खींची गई फोटो में अंधेरे वाले हिस्सों में भी अच्छी डिटेल्स और शानदार कलर्स देखने को मिलेंगे।

दमदार परफॉरमेंस और नए एआई फीचर्स
परफॉरमेंस की बात करें तो इस फोन में क्वालकॉम का सबसे नया और ताकतवर स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 5 (Snapdragon 8 Elite Gen 5) प्रोसेसर लगा है। कंपनी का दावा है कि यह पुराने प्रोसेसर के मुकाबले 20 प्रतिशत ज्यादा तेज CPU और 23 प्रतिशत ज्यादा तेज ग्राफिक्स परफॉरमेंस देता है।
इसके अपग्रेडेड एआई इंजन के जरिए फोन में 'एक्सपीरिया इंटेलिजेंस' जैसे नए फीचर्स जोड़े गए हैं। इसमें एक 'एआई कैमरा असिस्टेंट' भी दिया गया है, जो आपको सीन के हिसाब से अपने आप बेस्ट कैमरा सेटिंग्स सुझाता है, हालांकि आप चाहें तो अपनी मर्जी से इसे मैनुअली भी कंट्रोल कर सकते हैं।