Samsung का नया 'जादू': खींचने पर फोन बन जाएगा टैबलेट, स्क्रीन के साथ खिसकेगा कैमरा भी!

Suyash Pandey
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीSuyash Pandey
Sat, 23 May 2026 12:41 AM IST
सार

Samsung Rollable Phone:

सैमसंग फोल्डेबल स्मार्टफोन्स के बाद अब एक नए रोलएबल फोन कॉन्सेप्ट पर काम करता दिख रहा है। हाल ही में सामने आए एक पेटेंट में ऐसा स्मार्टफोन दिखाया गया है जिसकी स्क्रीन साइड की ओर फैल सकती है और जरूरत पड़ने पर टैबलेट जैसे बड़े डिस्प्ले में बदल जाती है। खास बात यह है कि फोन का रियर कैमरा मॉड्यूल भी डिस्प्ले के साथ मूव करता नजर आ रहा है। पेटेंट के मुताबिक, स्क्रीन सिकुड़ने पर कैमरा मॉड्यूल भी पीछे बने स्लॉट में वापस चला जाता है। फिलहाल सैमसंग ने इस डिवाइस की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन यह पेटेंट कंपनी के भविष्य के स्मार्टफोन डिजाइन की झलक जरूर दिखाता है।

विज्ञापन
Samsung Rollable Phone Patent Reveals Expanding Display And Sliding Camera Design
सैमसंग ला सकता है 'खिसकने' वाला स्मार्टफोन (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : एक्स

    फोल्डेबल यानी मुड़ने वाले फोन्स के बाजार में राज करने के बाद, अब सैमसंग एक बिल्कुल नए तरह के स्मार्टफोन पर काम कर रहा है। हाल ही में सैमसंग का एक नया पेटेंट सामने आया है, जिसमें एक रोलेबल यानी खिसक कर बड़ी होने वाली स्क्रीन वाले फोन का डिजाइन दिखा है। इस फोन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें सिर्फ स्क्रीन ही नहीं, बल्कि पीछे लगा कैमरा मॉड्यूल भी खिसकेगा।

    सामान्य फोन से बन जाएगा टैबलेट

    WearView के जरिए सामने आए इस पेटेंट डिजाइन के अनुसार, यह स्मार्टफोन बंद होने पर बिल्कुल सामान्य फोन जैसा दिखता है। इसमें सामने की तरफ सेल्फी के लिए एक छोटा पंच-होल कटआउट दिया गया है। लेकिन जैसे ही आप इसकी बॉडी को बगल की तरफ खींचते हैं, फोन की स्क्रीन धीरे-धीरे खिसक कर बड़ी हो जाती है। यह तकनीक फोन को एक साधारण डिवाइस से बदलकर एक कॉम्पैक्ट टैबलेट का रूप दे देती है। इससे यूजर्स को एक बड़ी और बेहतर डिस्प्ले का अनुभव मिलता है।

    सैमसंग फोल्डेबल फोन का पेटेंट (सांकेतिक तस्वीर)
    सैमसंग फोल्डेबल फोन का पेटेंट (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : एक्स

    स्क्रीन के साथ खिसकेगा कैमरा भी

    इस पेटेंट की सबसे बड़ी खासियत इसका रियर कैमरा सेटअप है। फोन के पीछे एक उभरे हुए मॉड्यूल में तीन कैमरे दिए गए हैं, जो स्क्रीन के विस्तार के साथ पूरी तरह से तालमेल बिठाते हैं। जब आप फोन की बॉडी को बड़ा करने के लिए खींचते हैं तो यह कैमरा मॉड्यूल स्क्रीन के साथ-साथ बाहर की ओर खिसक जाता है और फोन को वापस छोटा करने पर यह फिर से अपनी मूल स्थिति में सेट हो जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैमसंग इसमें खास स्मार्ट सेंसर्स का उपयोग कर रहा है, जो यह डिटेक्ट कर सकेंगे कि स्क्रीन कितनी खुली है। ताकि उसी के अनुसार फोन के अंदरूनी पार्ट्स जैसे एंटीना और कैमरा खुद को पूरी तरह एडजस्ट कर सकें।

    क्या सैमसंग पहली बार ला रहा है ऐसा डिजाइन?

    सैमसंग के लिए रोलेबल डिस्प्ले का विचार नया नहीं है। कंपनी ने साल 2023 में भी एक टेक इवेंट के समय भी 'रोलेबल ओलेड डिस्प्ले' का कॉन्सेप्ट दुनिया को दिखाया था। हालांकि, सैमसंग अकेली ऐसी कंपनी नहीं है जो इस तकनीक पर काम कर रही है। इससे पहले मोटोरोला (मोटो रिजर) और टेक्नो (टेक्नो फैंटम अल्टीमेट) भी रोलेबल फोन का कॉन्सेप्ट पेश कर चुके हैं।

    सैमसंग फोल्डेबल का पेटेंट
    सैमसंग फोल्डेबल का पेटेंट - फोटो : एक्स

    क्या यह फोन सच में मार्केट में आएगा?

    यह ध्यान रखना जरूरी है कि फिलहाल यह केवल एक पेटेंट है। सैमसंग ने आधिकारिक तौर पर ऐसे किसी स्मार्टफोन को लॉन्च करने की पुष्टि नहीं की है। अक्सर बड़ी कंपनियां भविष्य की संभावनाओं को सुरक्षित रखने के लिए कई तरह के पेटेंट फाइल करती हैं, जो केवल एक्सपेरिमेंट तक ही सीमित रह जाते हैं और कभी असली प्रोडक्ट बनकर बाजार में नहीं आ पाते।

    हालांकि, यह पेटेंट इस बात का पक्का सबूत है कि सैमसंग लगातार भविष्य के डिजाइन पर काम कर रहा है। फोल्डेबल फोन्स (जैसे Galaxy Z Fold7 और Z Flip7) के आज आम होने के बाद, यह कहना गलत नहीं होगा कि आने वाले कुछ वर्षों में रोलेबल डिस्प्ले टेक्नोलॉजी स्मार्टफोन की दुनिया का अगला बड़ा ट्रेंड बन सकती है।

    विज्ञापन
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें