Samsung Galaxy Note 10 और Galaxy Note 10 Plus भारत में लॉन्च, जानें कीमत और फीचर्स

न्यूयॉर्क में लॉन्चिंग के बाद सैमसंग ने अपने फ्लैगशिप गैलेक्सी नोट 10 और गैलेक्सी नोट 10 प्लस को भारत में लॉन्च कर दिया है। Galaxy Note 10 में 6.3 इंच की डिस्प्ले है और एस-पेन का सपोर्ट दिया गया है। इसके अलावा गैलेक्सी नोट 10 प्लस में 6.8 इंच की डिस्प्ले दी गई है। ऐसे में सैमसंग की नोट सीरीज को अब तक की सबसे बड़ी डिस्प्ले के साथ लॉन्च किया गया है। बता दें कि भारत में दोनों फोन की प्री-बुकिंग पहले से ही हो रही है।

Samsung Galaxy Note 10 और Galaxy Note 10+ की स्पेसिफिकेशन
गैलेक्सी नोट 10 और नोट 10 प्लस दोनों फोन में हेडफोन जैक नहीं है। इसके अलावा कनेक्टिविटी के लिए दोनों फोन में Wi-Fi,ब्लूटूथ 5, यूएसबी टाइप-सी, एनएफसी और जीपीएस, ग्लोनास और गैलिलयो जैसे फीचर्स दिए गए हैं। दोनों फोन में अल्ट्रासोनिक इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर है। दोनों फोन में सैमसंग डेक्स का सपोर्ट है। ऐसे में आप फोन को डेस्कटॉप से आसानी से कनेक्ट कर पाएंगे। गैलेक्सी नोट 10 और नोट 10 प्लस दोनों फोन में सैमसंग का Exynos 9825 प्रोसेसर है।

Samsung Galaxy Note 10 और Galaxy Note 10+ का कैमरा
कैमरे की बात करें तो गैलेक्सी नोट 10 और गैलेक्सी नोट 10 प्लस में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है जिसमें एक कैमरा 12 मेगापिक्सल का f/2.1 अपर्चर वाला टेलीफोटो लेंस, दूसरा लेंस 12 मेगापिक्सल का वाइड एंगल है और तीसरा लेंस 16 मेगापिक्सल का है। वहीं रियर पैनल पर एक वीजीए सेंसर है जो कि डेफ्थ के लिए है। इसके अलावा कंपनी ने कैमरे में माइक जूम दिया है यानी आप वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान जूम करके भी वॉयस रिकॉर्ड कर पाएंगे। दोनों फोन में 10 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। कैमरे के साथ दोनों फोन एक नया वीडियो एडिटर एप मिलेगा जिसमें एस-पेन का भी सपोर्ट है।