Samsung Galaxy M52 5G Review: मिडरेंज में सैमसंग का एक बढ़िया स्मार्टफोन

सैमसंग इंडिया ने हाल ही में गैलेक्सी एम सीरीज के सबसे पावरफुल 5जी स्मार्टफोन Samsung Galaxy M52 5G को भारतीय बाजार में लॉन्च किया है। Samsung Galaxy M52 5G में स्नैपड्रैगन 778G प्रोसेसर दिया गया है जो कि 6nm प्रोसेस पर तैयार किया गया है, हालांकि स्नैपड्रैगन 778G प्रोसेसर वाला यह भारत का पहला फोन नहीं है। भारतीय बाजार में स्नैपड्रैगन 778G के साथ Xiaomi 11 Lite 5G NE, iQOO Z5 5G और Motorola Edge 20 जैसे स्मार्टफोन मौजूद हैं। आमतौर पर सैमसंग के स्मार्टफोन में स्नैपड्रैगन सीरीज के प्रोसेसर बहुत ही कम देखने को मिलते हैं। Galaxy M52 5G में 5G के 11 बैंड्स दिए गए हैं। इन बैंड को लेकर बेहतर 5जी स्पीड का दावा है लेकिन देश में 5जी नेटवर्क ना होने की स्थिति में इसे लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता। Galaxy M52 5G के 6 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज की कीमत 29,999 रुपये है, जबकि 8 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज की कीमत 31,999 रुपये रखी गई है। आइए रिव्यू में जानते हैं कैसा है सैमसंग की एम सीरीज का सबसे पावरफुल स्मार्टफोन?


Samsung Galaxy M52 5G Review: डिजाइन
डिजाइन के मामले में इस बार Galaxy M52 5G ने सैमसंग के मिडरेंज फोन की बराबरी की है। Galaxy M52 5G काफी स्लिम फोन है। बैक पैनल पर ग्लास है। फ्रेम प्लास्टिक का है। रियर कैमरे का बंप भी अधिक नहीं है। चार्जिंग के लिए नीचे की ओर टाईप-सी पोर्ट है, जबकि 3.5एमएम वाले हेडफोन जैक को हटा दिया गया है। सिम कार्ड ट्रे को लेफ्ट में ऊपर की ओर, जबकि पावर और वॉल्यूम बटन को लेफ्ट में जगह मिली है।

पावर बटन में ही फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है यानी यह एक साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर वाला फोन है। Galaxy M52 5G हाथ से काफी फिसलता है। ऐसे में हम आपको कवर के साथ ही इसे इस्तेमाल करने की सलाह देंगे। बैक पैनल काफी रिफ्लेक्टिव है। फोन के साथ बॉक्स में कवर नहीं मिलेगा। ओवरऑल Galaxy M52 5G का लुक प्रीमियम है। फोन का कुल वजन 173 ग्राम है।

Samsung Galaxy M52 5G Review: डिस्प्ले
फोन में 6.7 इंच की फुल एचडी प्लस सुपर एमोलेड डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2400 पिक्सल है। डिस्प्ले का रिफ्रेश रेट 120Hz है और प्रोटेक्शन के लिए गोरिल्ला ग्लास 5 दिया गया है।डिस्प्ले का टच शानदार है।

Samsung Galaxy M52 5G की रेंज में बाजार में बहुत सारे स्मार्टफोन हैं जिनमें से कुछ को हमने इस्तेमाल भी किया है लेकिन Samsung Galaxy M52 5G की डिस्प्ले की जो स्मूथनेस और टच है वो किसी में नहीं है। आम भाषा में कहें तो Samsung Galaxy M52 5G की डिस्प्ले मक्खन जैसी है। वीडियो देखने, बेहतर गेमिंग और मल्टीटास्किंग के लिए डिस्प्ले बेहतरीन है।