कंफर्म: भारत आएगा सैमसंग गैलैक्सी फोल्ड, कीमत होगी 1 लाख 40 रुपये से ज्यादा

सैमसंग ने बुधवार को भारत में अपने तीन नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन सैमसंग गैलेक्सी एस10, एस10 प्लस और एस10ई लॉन्च किए हैं। इन तीनों फोन की लॉन्चिंग सैमसंग के सीईओ डीजे कोह की उपस्थिति में हुई। लॉन्चिंग के दौरान सीईओ ने अपने फोल्डेबल फोन गैलेक्सी फोल्ड की भारत में लॉन्चिंग की जानकारी दी, हालांकि उन्होंने गैलेक्सी फोल्ड की भारत में लॉन्चिंग की तारीख के बारे में कुछ नहीं कहा। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि गैलेक्सी फोल्ड मई 2019 में भारत में लॉन्च होगा। बता दें कि सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड की पहली झलक कुछ दिन पहले सैनफ्रांसिस्कों में आयोजित गैलेक्सी अनपैक्ड 2019 इवेंट में देखने को मिली थी।

Samsung Galaxy Fold की स्पेसिफिकेशन
सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड की स्पेसिफिकेशन की बात करें तो कंपनी ने इसके प्रोसेसर का खुलासा नहीं किया है, लेकिन यह प्रोसेसर 7nm प्रोसेस से तैयार किया गया है। कहा जा रहा है कि इसमें क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर है। इस फोन में 7.3 इंच की इनफिनिटी फ्लेक्स डायनेमिक एमोलेड प्राइमरी डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1536x2152 पिक्सल है।

वहीं दूसरी डिस्प्ले 4.6 इंच की सुपर एमोलेड डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 840x1960 पिक्सल है। फोन की स्टोरेज की बात करें तो इसमें 12GB रैम के साथ 512GB की स्टोरेज मिलेगी जिसे मेमोरी कार्ड की मदद से नहीं बढ़ाया जा सकता है। इस फोन में दो बैटरी दी गई हैं जिनकी कुल क्षमता 4380mAh है।