Realme Watch 3 Review: IP68 रेटिंग के साथ बजट में एक परफेक्ट स्मार्टवॉच

रियलमी ने कम कीमत में जबरदस्त आईपी रेटिंग और कॉलिंग वाली स्मार्टवॉच की तलाश करने वालों के लिए Realme Watch 3 को कुछ दिन पहले भारत में पेश किया है। Realme Watch 3 की कीमत 3,499 रुपये रखी गई है और इसमें 1.8 इंच की बड़ी कलरफुल डिस्प्ले दी गई है। इसके अलावा रियलमी की इस वॉच में ब्लूटूथ कॉलिंग की सुविधा भी है। Realme Watch 3 की बैटरी लाइफ को लेकर सात दिनों के बैकअप का दावा किया गया है। वॉटर रेसिस्टेंट के लिए इसे IP68 की रेटिंग मिली है। Realme Watch 3 को हमने कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया है। आइए इसका रिव्यू जानते हैं क्या 3,500 रुपये की रेंज में कॉलिंग के साथ यह परफेक्ट स्मार्टवॉच है?

Realme Watch 3 Review: डिजाइन
Realme Watch 3 को ब्लैक और ग्रे कलर में पेश किया गया है। Realme Watch 3 की बॉडी की फिनिशिंग ऐसी है कि आपको लगेगा कि बॉडी मेटल की है, जबकि वास्तव में बॉडी प्लास्टिक की है। इसके किनारे कर्व्ड हैं और साथ में 22mm का सिलिकॉन स्ट्रैप मिलता है। इसके फ्रेम रिफ्लेक्टिव हैं। वॉच का कुल वजन महज 40 ग्राम है।

लंबे समय तक पहनकर रखने में कोई दिक्कत महसूस नहीं होती है। राइट में एक बटन भी है जिसकी साइज बहुत छोटी है। वॉटरप्रूफ के लिए इसे IP68 की रेटिंग मिली है। ओवरऑल Realme Watch 3 की डिजाइन अच्छी है।

Realme Watch 3 Review: डिस्प्ले
रियलमी की इस वॉच में 1.8 इंच की TFT डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 240x286 पिक्सल है। यह डिस्प्ले किसी फीचर फोन की डिस्प्ले के लगभग बराबर है। डिस्प्ले के साथ बेजल भी बहुत कम ही मिलता है। Realme Watch 3 की डिस्प्ले की ब्राइटनेस 500 निट्स है तो धूप में परेशानी नहीं होती है। इसका स्क्रीन टू बॉडी रेशियो 67.5% है। Realme Watch 3 के साथ 110 से अधिक वॉच फेसेज मिलेंगे।