Review: क्या 5,999 रुपये में वाकई बेस्ट बजट स्मार्टफोन है Realme C2?

चीन की स्मार्टफोन निर्माता कंपनी ओप्पो के सब-ब्रांड रियलमी ने कुछ दिन पहले ही Realme C2 को बजट स्मार्टफोन की तलाश करने वालों के लिए लॉन्च किया है। रियलमी सी2 के साथ कंपनी ने उन ग्राहकों को साधने की कोशिश की है जो कम कीमत में तमाम खूबियों से लैस एक स्मार्टफोन चाहते हैं। रियलमी सी2 पिछले साल लॉन्च हुए रियलमी सी1 का अपग्रेडेड वर्जन है। Realme C2 हमें रिव्यू के लिए मिला था जिसे हमने 15 दिनों तक इस्तेमाल किया है तो आइए रिव्यू में जानते हैं कि रियलमी के इस बजट स्मार्टफोन में कितना दम है?

Realme C2 की कीमत और स्पेसिफिकेशन
फोन की स्पेसिफिकेशन की बात करें तो रियलमी सी2 में 6.1 इंच HD+ डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 720x1560 पिक्सल है। डिस्प्ले पर कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 3 का प्रोटेक्शन है। प्रोसेसर की बात करें तो रियलमी सी2 में मीडियाटेक का ऑक्टाकोर हीलियो पी22 प्रोसेसर मिलेगा। इसके अलावा इसमें 2 जीबी और 3 जीबी रैम के साथ 16 और 32 जीबी की स्टोरेज मिलेगी। जहां तक कैमरे का सवाल है तो रियलमी सी2 में कंपनी ने डुअल रियर कैमरा दिया है जिसमें एक कैमरा 13 मेगापिक्सल का और दूसरा 2 मेगापिक्सल का है। वहीं फ्रंट कैमरा 5 मेगापिक्सल का दिया गया है। इस फोन में फिंगरप्रिंट सेंसर नहीं है और पावर देने के लिए इसमें 4000mAh की बैटरी दी गई है जिसे चार्ज करने के लिए आपको 10वाट का चार्जर भी फोन के साथ बॉक्स में मिलता है। इसके अलावा कनेक्टिविटी के लिए इसमें आपको डुअल 4जी वीओएलटीई, ब्लूटूथ, वाई-फाई और 3.5एमएम के हेडफोन जैक जैसे फीचर्स मिलेंगे। इस फोन के 2GB रैम/16GB स्टोरेज वेरियंट की 5,999 रुपये और 3GB रैम/32GB स्टोरेज वेरियंट की कीमत 7,999 रुपये है। फोन के साथ बॉक्स में आपको चार्जिंग केबल, एडाप्टर के साथ मोबाइल कवर भी मिलेगा। यह फोन डायमंड ब्लैक और डायमंड ब्लू कलर वेरियंट में मिलेगा।

Realme C2 की डिजाइन
रियलमी ने हर बार की तरह इस बार भी Realme C2 के साथ डिजाइन को लेकर बेहतरीन काम किया है। कंपनी ने फोन के पीछे डायमंडकट दिया है जिसके साथ बढ़िया ग्रिप बन रहा है और ऐसे में फोन ना तो हाथ से फिसल ता है और ना ही इस पर उंगलियों के निशान आ रहे हैं। हाथ में लेने पर पहली नजर में आपको शायद ही लगेगा कि आपके हाथ में जो फोन है उसकी कीमत सिर्फ 5,999 रुपये है। कंपनी ने डिजाइन को आकर्षक बनाया है। यदि इस प्राइस रेंज में बात करें तो Realme C2 एक बेहतरीन लुक वाला स्मार्टफोन है। फोन की बॉडी प्लास्टिक की है, लेकिन फिनिशिंग शानदार है। फोन के बैक पैनल पर बायीं ओर डुअल कैमरा सेटअप है और फ्लैश लाइट है। इसके अलावा नीचे की ओर एक तरफ कंपनी ने अपना लोगो लगाया है। रिव्यू यूनिट में स्क्रीन प्रोटेक्टर पहले से ही चढ़ा हुआ मिला था। फोन के किनारे घुमावदार हैं। कंपनी ने पावर बटन को जहां दाहिनी ओर दिया है, वहीं वॉल्यूम अप और डाउन बटन आपको बायीं ओर मिलते हैं। वॉल्यूम बटन के ठीक ऊपर ही सिम कार्ड स्लॉट मिलता है जिसमें एक बार में आप दो सिम कार्ड के साथ एक मेमोरी कार्ड इस्तेमाल कर सकते हैं। फोन के ठीक नीचे माइक्रो यूएसबी पोर्ट, स्पीकर ग्रिल और 3.5एमएम का हेडफोन जैक दिया गया है। फोन की बॉडी पर आसानी से स्क्रैच भी नहीं आने वाले हैं। कुल मिलाकर Realme C2 एक शानदार डिजाइन वाला बजट स्मार्टफोन है।