Realme 10 Pro 5G Review: 19 हजार में शानदार डिस्प्ले और 108MP कैमरे वाला फोन, क्या आपके लिए है बेस्ट?
Realme 10 Pro 5G में 6.72 इंच की फुल एचडी प्लस एलसीडी डिस्प्ले और स्नैपड्रैगन 695 5जी प्रोसेसर मिलता है। फोन तीन कलर ऑप्शन डार्क मैटर, हाइपर स्पेस और नेबुला ब्लू कलर में आता है।

विस्तार
रियलमी ने हाल ही में अपनी नई स्मार्टफोन सीरीज Realme 10 pro को भारत में लॉन्च किया है। इस सीरीज में दो स्मार्टफोन रियलमी 10 प्रो और रियलमी 10 प्रो प्लस को लॉन्च किया गया है। रियलमी 10 प्रो बेस वेरियंट और मिड-रेंज बजट स्मार्टफोन है। फोन में 8 जीबी तक रैम के साथ 128 जीबी तक स्टोरेज मिलती है और इसकी शुरुआती कीमत 18,999 रुपये है। फोन तीन कलर ऑप्शन डार्क मैटर, हाइपर स्पेस और नेबुला ब्लू कलर में आता है। फोन में 6.72 इंच की फुल एचडी प्लस एलसीडी डिस्प्ले और स्नैपड्रैगन 695 5जी प्रोसेसर मिलता है। रियलमी के इस फोन को हमने कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया है। यदि आप इस फोन को खरीदने के बारे में सोच रहे हैं तो यह रिपोर्ट आपके लिए है। इस रिपोर्ट में हम आपको Realme 10 pro की डिजाइन और कैमरा सेटअप से लेकर परफॉरमेंस और बैटरी लाइफ तक के बारे में पूरी डिटेल्स देने वाले हैं। आइए इसका रिव्यू जानते हैं...
Realme 10 Pro 5G Review: डिजाइन

रियलमी 10 प्रो के साथ पिछले मॉडल के मुकाबले काफी ज्यादा बदलाव किया गया है। फोन के साइज को भी पहले के मुकाबले थोड़ा बढ़ाया गया है। रियलमी 10 प्रो के साथ फ्लैट-एज साइड्स और अल्ट्रा स्लिम बॉडी डिजाइन मिलता है। फोन 8.1 मिमी पतला है। स्मार्टफोन की बॉडी मेटल की है और रियर में ग्लास डिजाइन मिलता है। बैक साइड पर हाइपरस्पेस डिजाइन और इफेक्ट दिया गया है। हालांकि, बैक पैनल पर काफी निशान पड़ते हैं।
फोन के रियर कैमरे के साथ पुराने मॉडल के मुकाबले ज्यादा कैमरा बंप देखने मिलता है। साथ ही कैमरा मॉड्यूल में भी बदलाव किया गया है। वहीं आगे की तरफ पंच होल वाला फ्रंट फेसिंग कैमरा मिलता है। डिस्प्ले के साथ बहुत कम बेजल्स दिए गए हैं और फोन का चिन भी काफी कम है।
फोन के साथ कैमरा सेटअप में भी बदलाव मिलता है। अब आपको दो बड़े-बड़े गोलाकार कैमरा बंप मिलते हैं। फोन में राइट साइड पावर और वॉल्यूम रॉकर हैं। पावर बटन फिंगरप्रिंट का भी काम करता है। लेफ्ट साइड में कोई बटन नहीं है, यहां सिम ट्रे मिलता है। वहीं नीचे की ओर चार्जिंग के लिए यूएसबी टाइप-सी पोर्ट, स्पीकर और ऑडियो जैक मिलता है।
रियलमी 10 प्रो के साथ डुअल स्पीकर और डुअल माइक का सपोर्ट है। फोन तीन कलर ऑप्शन डार्क मैटर, हाइपर स्पेस और नेबुला ब्लू कलर में आता है। हमारे पास रिव्यू के लिए डार्क मैटर कलर है। फोन के डार्क मैटर और नेबुला ब्लू का वजन 190 ग्राम जबकि हाइपर स्पेस कलर वेरियंट का वजन 192 ग्राम है। साफ शब्दों में कहें तो फोन की बिल्ड क्वालिटी अच्छी है। सामने की तरफ से फोन का डिजाइन भी अच्छा लगता है। फोन का रियर व्यू और डिजाइन मुझे पर्सनली पसंद नहीं आया।
Realme 10 Pro 5G Review: फीचर्स और स्पेसिफिकेशन

रियलमी 10 प्रो में 6.72 इंच का फुल एचडी प्लस एलसीडी डिस्प्ले दिया गया है, जो (2400×1080 पिक्सल) रिजॉल्यूशन, 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट और 240 हर्ट्ज टच सैंपलिंग रेट के साथ आता है। डिस्प्ले के साथ 680 निट्स की पीक ब्राइटनेस, 391 पीपीआई और DCI-P3 कलर गेमोट का सपोर्ट मिलता है।
रियलमी 10 प्रो की डिस्प्ले के साथ टीयूवी रीनलैंड लो-ब्लू लाइट सर्टिफिकेट मिलता है। फोन में 93.76 फीसदी स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो है। डिस्प्ले के मामले में कंपनी ने अच्छा काम किया है, लेकिन इसके साथ एमोलेड डिस्प्ले नहीं है। रियलमी 10 प्रो एंड्रॉयड 13 आधारित रियलमी यूआई 4.0 ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ आता है।
रियलमी 10 प्रो में 2.2GHz क्वाड-कोर स्नैपड्रैगन 695 5जी प्रोसेसर और Adreno 619 जीपीयू मिलता है। फोन में 8 जीबी तक LPDDR4X रैम के साथ 128 जीबी तक UFS 2.2 स्टोरेज का सपोर्ट है। फोन के साथ रैम को 16 जीबी तक वर्चुअली (8 जीबी फिजिकल और 8 जीबी वर्चुअल) बढ़ाया जा सकता है। वहीं स्टोरेज को भी माइक्रो एसडी कार्ड की मदद से 1 टीबी तक बढ़ाया जा सकता है।
रियलमी 10 प्रो के अन्य फीचर्स की बात करें तो इसमें डुअल 5G के साथ नौ 5G बैंड मिलते हैं। फोन में WiFi 5 और ब्लूटूथ वर्जन 5.1 का सपोर्ट है। फोन में सिक्योरिटी के लिए साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है। फोन के साथ मैग्नेटिक इंडक्शन सेंसर, लाइट सेंसर, जाइरो-मीटर, प्रोक्सिमिटी सेंसर, एक्सेलेरेशन सेंसर गैलीलियो, ग्लोनास और जीपीएस/एजीपीएस का सपोर्ट है।