खतरा: इस कंपनी के प्रोसेसर वाले फोन कभी भी हो सकते हैं हैक, सिक्योरिटी कंपनी ने चेताया

एंड्रॉयड फोन के साथ हमेशा से सिक्योरिटी का खतरा बना रहता है। कभी फोन में एप के जरिए वायरस आ जाते हैं तो कभी किसी लिंक पर क्लिक करने के बाद वायरस आ जाते हैं, लेकिन मुसीबत तब हो जाती है जब आपके फोन के प्रोसेसर में वायरस मिलता है। सुनने में थोड़ा अजीब लग रहा है लेकिन यही सच है कि आपके फोन में पहले से ही वायरस हो सकता है। अब एक बड़ी प्रोसेसर कंपनी के प्रोसेसर में बग मिलने की खबर है जिसका फायदा हैकर्स उठा सकते हैं। आइए जानते हैं कि कौन से प्रोसेसर में बग मिला है?

यदि आपके फोन में Unisoc का प्रोसेसर है तो आपको बहुत ही सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि इसी प्रोसेसर में एक ऐसा बग मिला है जिसका हैकर्स फायदा उठाकर आपके फोन को हैक कर सकते हैं। हैकर्स इस बग की मदद से आपके फोन को रिमोट कंट्रोल पर भी ले सकते हैं। Unisoc प्रोसेसर वाले करीब 11 फीसदी फोन में यह बग मिला है।

साइबर सिक्योरिटी एनालिसिस फर्म चेक प्वाइंट रिसर्च ने इस बग के बारे में जानकारी दी है। फर्म ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि Unisoc प्रोसेसर वाले फोन के सभी तरह की कम्युनिकेशन को भी हैकर्स ब्लॉक कर सकते हैं। यह बग Unisoc के 4G और 5G दोनों प्रोसेसर में है। Unisoc को भी इस बग के बारे में जानकारी मिल चुकी है और कंपनी ने इसे गंभीर बग माना है।