Lava Blaze 5G review: भारत का सबसे सस्ता 5G स्मार्टफोन, क्या आपको खरीदना चाहिए?

घरेलू कंपनी लावा ने देश के सबसे सस्ते 5G स्मार्टफोन Lava Blaze 5G को पिछले महीने ही लॉन्च किया गया है। इस फोन की पहली झलक अगस्त में नई दिल्ली के प्रगति मैदान में हुए इंडिया मोबाइल कांग्रेस में देखने मिली थी। हालांकि, कंपनी ने 7 नवंबर को इस फोन को ऑफिशियली लॉन्च किया है। इस फोन को 10,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर खरीदा जा सकता है। फोन में 6.51 इंच की एचडी प्लस डिस्प्ले है, जो 90 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट के साथ आती है। Lava Blaze 5G को हमने कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया है। आइए इसका रिव्यू जानते हैं...

Lava Blaze 5G review: डिजाइन
लावा ब्लेज 5जी के साथ मैटेलिक बिल्ड डिजाइन मिलता है। फोन के किनारे गोल हैं और साइड में हल्के से शार्प कट मिलते हैं। फोन के साथ ग्लास बैक पैनल मिलता है, जो कि प्रीमियम लगता है। ग्लास बैक के साथ मैट फिनिश है और इस पर आसानी से स्क्रैच और निशान भी नहीं पड़ते हैं। डिजाइन के मामले में लावा ने अच्छा काम किया है। फोन का वजन 207 ग्राम है, लेकिन यदि आप बिना बैक कवर के फोन इस्तेमाल करते हैं तो यह ज्यादा बड़ा नहीं लगता है। आप आराम से एक हाथ से इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, कवर के साथ फोन थोड़ा हैवी हो जाता है।
फोन में आगे की तरफ वॉटर ड्रॉप नॉट वाली डिस्प्ले मिलती है। बटन्स और पोर्ट्स की बात करें तो फोन में राइट साइड में पावर बटन मिलती है, जो फिंगरप्रिंट सेंसर का काम भी करती है। लेफ्ट साइड में वॉल्यूम बटन और सिम ट्रे मिलती है। वहीं नीचे की तरफ स्पीकर, ऑडियो जैक और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट मिलता है। फोन ग्लास ब्लू और ग्लास ग्रीन कलर में आता है। हमारे पास रिव्यू के लिए ग्लास ग्रीन कलर है। कुल मिलाकर देखा जाए तो कीमत के हिसाब से फोन का डिजाइन और लुक अच्छा और प्रीमियम लगता है।

Lava Blaze 5G review: डिस्प्ले
लावा ब्लेज 5जी में एचडी प्लस रिजॉल्यूशन (720x1600 पिक्सल) के साथ 6.5 इंच का आईपीएस एलसीडी डिस्प्ले मिलता है, जो कि 2.5D कर्व्ड है। स्क्रीन थोड़े स्मूथ एनिमेशन और स्क्रॉलिंग अनुभव के लिए 90 हर्ट्स रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है। डिस्प्ले के व्यूइंग एंगल अच्छे हैं। हालांकि, फोन के साथ हमारा स्क्रॉलिंग अनुभव उतना अच्छा नहीं रहा।
यदि आपने पहले से 90 हर्ट्स रिफ्रेश रेट वाली डिस्प्ले इस्तेमाल की है तो लावा ब्लेज में आपको थोड़ा रफ एक्सपीरियंस मिलेगा। डिस्प्ले का टच रिस्पांस भी कम लगता है। ब्राइटनेस के मामले में डिस्प्ले अच्छा है। आप धूप में भी फोन को आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं, हालांकि आपको ब्राइटनेट हाई पर रखनी होगी।