Infinix Note 5 Stylus रिव्यू: 15,999 रुपये में गैलेक्सी नोट 9 को टक्कर देने की कोशिश लेकिन कहां तक

इनफिनिक्स इंडिया ने हाल ही में भारत में अपना नया स्मार्टफोन इनफिनिक्स नोट 5 स्टायलस लांच किया है। इस फोन की खासियत की बात करें तो इसमें सैमसंग गैलेक्सी नोट सीरीज के स्मार्टफोन की तरह इसमें पेन का सपोर्ट दिया गया है। इनफिनिक्स ने फोन के साथ लांच किए पेन का नाम एक्स पेन दिया है। बता दें कि सैमसंग के नोट सीरीज के पेन का नाम एस पेन है। इनफिनिक्स ने 4 जीबी रैम, एल्यूमिनियम बॉडी, 5.93 इंच की स्क्रीन, 4000 एमएएच की बैटरी के साथ यह फोन मार्केट में उतारा है। यह फोन कितना बेहतर है, कहां कमजोर है और बाजार में प्रतिद्वंदियों को कहां तक टक्कर दे पाएगा, जानेंगे इस फोन के रिव्यू में...

डिजाइन
सबसे पहले बात करते हैं फोन के डिजाइन की, फोन का बैक पैनल एल्यूमिनियम का बना हुआ है। कंपनी का दावा है कि इसके बैक पैनल को एल्यूमिनियम के एक सिंगल ब्लॉक से बनाया गया है। फोन देखने में तो मजबूत लगता ही है, असल में भी यह काफी मजबूत है। लेकिन फोन का वजन थोड़ा ज्यादा है, जो कि बहुत बड़ी खामी है। अब जहां हल्के फोन्स को लोग ज्यादा प्रेफर कर रहे हैं, ऐसे में 190 ग्राम का यह फोन अपने वजन के चलते कमजोर साबित हो सकता है। फोन के राइट पैनल में वाल्यूम रॉकर कीज और पावर बटन दिया गया है, जिनकी लोकेशन बेहतर है, बटन आसानी से पहुंच में आ जाते हैं। फोन के डाउन पैनल में माइक्रो यूएसबी पोर्ट, इयरफोन जैक, स्पीकर और स्टायलस रखने के लिए जैक दिया गया है।

डिस्प्ले
इनफिनिक्स नोट 5 स्टायलस में 5.96 इंच की आईपीएस एलसीडी स्क्रीन दी गई है। 407 पीपीआई का यह फोन वीडियो देखने में अच्छा अनुभव देता है। ओवरऑल फोन का डिस्प्ले अच्छा है। स्क्रीन के चारों ओर दिए राउंड कर्व डिस्प्ले को आकर्षक बनाते हैं। 18:9 रेशियो की स्क्रीन वाले इस फोन में 2.5डी कर्व्ड ग्लास की कमी खलती है।