5G के चक्कर में ना पड़ें: खरीदें ये बेस्ट 4G फोन, कीमत 10 हजार से कम

एंट्री लेवल स्मार्टफोन की मार्केट में सबसे ज्यादा मांग रहती है। जब भी कोई पहली बार स्मार्टफोन खरीदने के लिए विचार करता है तो आमतौर पर वह एंट्री लेवल फोन ही खरीदता है। लेकिन 5जी सर्विस के कारण एंट्री लेवल फोन खरीदने के लिए लोग असमंजस में हैं। ऐसे में यदि आप 10 हजार से कम कीमत में फोन खरीदना चाहते हैं तो आपको 4जी फोन में अच्छा कैमरा, बड़ी बैटरी और डेली यूज के लिए अच्छी परफॉर्मेंस वाला प्रोसेसर भी मिल जाएगा, जो कि 5जी फोन में इससे कही ज्यादा कीमत में मिलता है। ऐसे में 10 हजार की कीमत में 4जी फोन लेना ज्यादा सही चुनाव है। यदि आप भी कम कीमत में अच्छे फोन की तलाश में हैं तो यह रिपोर्ट आपके लिए है। इस रिपोर्ट में हम आपको 10 हजार रुपये तक की रेंज में कुछ बेस्ट 4जी स्मार्टफोन के बारे में बताएंगे...

Realme C33
रियलमी के इस फोन की शुरुआती कीमत 8,999 रुपये है। फोन में 6.5 इंच की एचडी प्लस डिस्प्ले और Unisoc T612 प्रोसेसर मिलता है। इसके अलावा इस फोन में 4 जीबी तक रैम और 64 जीबी तक की स्टोरेज दी गई है। फोन की स्टोरेज को मेमोरी कार्ड की मदद से 1 टीबी तक बढ़ाया जा सकता है। Realme C33 में दो रियर कैमरे हैं जिनमें प्राइमरी लेंस 50 मेगापिक्सल का है। दूसरा लेंस 0.3 मेगापिक्सल का है। फ्रंट में सेल्फी के लिए 5 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। साथ ही फोन में 5000mAh बैटरी का सपोर्ट है।

Redmi A1
रेडमी के इस फोन को 6,499 रुपये की कीमत में खरीदा जा सकता है। Redmi A1 के साथ डुअल रियर कैमरा दिया गया है। इसके अलावा इसमें 5000mAh की बड़ी बैटरी भी मिलती है। फोन में 6.52 इंच की एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका टच सैंपलिंग रेट 120Hz है। फोन के साथ प्री-इंस्टॉल एफएम रेडियो भी मिलेगा। फोन में मीडियाटेक हीलियो A22 प्रोसेसर और एंड्रॉयड 12 का गो एडिशन मिलता है। इसमें 2 जीबी रैम के साथ 32 जीबी की स्टोरेज है, जिसे मेमोरी कार्ड की मदद से 512GB तक बढ़ाया जा सकेगा। फोन में प्राइमरी लेंस 8 मेगापिक्सल का और दूसरा लेंस AI है। फोन में फ्रंट में 5 मेगापिक्सल का कैमरा मिलता है। फोन में 5000mAh की बड़ी बैटरी और 10W की चार्जिंग का सपोर्ट है।