Apple Watch की वजह से बची खाई में गिरे युवक की जान, सीईओ टिम कुक ने दिया यह जवाब

महाराष्ट्र के एक किशोर ने अपने दोस्तों के साथ ट्रेकिंग के दौरान हुई दुर्घटना में अपनी जान बचाने का श्रेय एपल वॉच को दिया। साथ ही 17 वर्षीय किशोर ने एपल वॉच की मदद से जान बचाने की घटना को ईमेल के जरिए एपल के सीईओ टिम कुक के साथ शेयर किया और उनसे प्रतिक्रिया जाननी चाही। टिम कुक ने ईमेल का रिप्लाई भी दिया है। दरअसल, इस किशोर ने अपने दोस्तों को फोन करने के लिए हाथ में पहनी एपल वॉच का इस्तेमाल किया, जिन्होंने घाटी में फिसलने और चोट लगने के बाद उसे बचाया। बता दें कि यह पहला मामला नहीं है जब किसी शख्स की जान एपल वॉच की मदद से बचाई गई है। पहले भी कई और मामलों में एपल वॉच ने जानलेवा बीमारी तक का पता लगाकर लोगों की जान बचाई है।

एपल वॉच की मदद से कैसे बची जान
दरअसल, यह घटना 11 जुलाई की बताई जा रही है, जब पुणे में रहने वाले 17 वर्षीय किशोर स्मित मेहता अपने तीन दोस्तों के साथ ट्रेकिंग के लिए लोनावाला गए थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि वापस लौटते समय बरसात की वजह से वह एक घाटी में 130-150 फीट नीचे फिसल गया। गिरने के बाद वह एक पेड़ और पत्थर पर फंस गया और उसका टखना टूट गया था।

वह खुद से भागने तो दूर खड़ें होने में भी असमर्थ था। स्मित को एहसास हुआ कि उनका फोन उनके एक दोस्त के बैग में था। हालांकि, उसने अपनी कलाई पर एपल वॉच पहनी हुई थी और उसमें एक नेटवर्क भी था। उसमें वॉच की मदद से अपने माता-पिता और दोस्तों को कॉल किया। इसके बाद, स्मित के दोस्तों और ट्रेक पर मौजूद कुछ अन्य लोगों ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। बाद में स्मित को लोनावाला के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और 16 जुलाई को उसके घाव में संक्रमण होने के बाद उसकी सर्जरी की गई। आखिरकार 7 अगस्त को स्मित को छुट्टी दे दी गई।