अमेजन ईको शो 16 लॉन्च: 16-इंच की स्क्रीन, 13MP नाइट विजन कैमरा और एलेक्सा+ एआई का सपोर्ट, जानें कितनी है कीमत
Amazon Echo Show 16: अमेजन ने अपना अब तक का सबसे एडवांस और पावरफुल स्मार्ट डिस्प्ले Echo Show 16 लॉन्च कर दिया है। 16-इंच की बड़ी स्क्रीन, फायर टीवी और एआई से लैस एलेक्सा+ के साथ यह डिवाइस आपके घर को और भी स्मार्ट बना देगा। इसमें 13MP का वाइड-एंगल नाइट विजन कैमरा और शानदार ऑडियो सिस्टम भी है।

अमेजन ने अपना नया स्मार्ट डिस्प्ले Echo Show 16 लॉन्च कर दिया है। इसमें 16-इंच की बड़ी स्क्रीन, 13 मेगापिक्सल का वाइड-एंगल कैमरा और नए Alexa+ AI का सपोर्ट दिया गया है। यह डिवाइस सिर्फ वीडियो देखने या Alexa से बात करने तक सीमित नहीं है, बल्कि घर के स्मार्ट डिवाइस कंट्रोल करने, परिवार का शेड्यूल संभालने और वीडियो कॉल करने जैसे काम भी कर सकता है। इसमें Fire TV भी बिल्ट-इन है, जिससे Netflix, YouTube और Prime Video जैसे प्लेटफॉर्म का कंटेंट देखा जा सकेगा। आइए इस डिवाइस के पूरे फीचर्स आपको बताते हैं।
16 इंच की स्क्रीन और बेहतर साउंड
- नए Echo Show 16 में 16-इंच का डिस्प्ले दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, इसमें पिछले Echo Show 15 के मुकाबले 10% ज्यादा व्यूइंग एरिया है और रंग ज्यादा गहरे दिखाई देते हैं। इसका डिजाइन भी पहले से पतला है। इसमें एनोडाइज्ड एल्युमिनियम फ्रेम दिया गया है, जिसकी मोटाई करीब 40% कम की गई है।
- डिवाइस में आठ माइक्रो-वूफर और दो ट्वीटर दिए गए हैं। अमेजन का कहना है कि इसका नया ऑडियो सिस्टम वीडियो कॉल और टीवी शो के दौरान साफ आवाज देने में मदद करता है। इसमें एडवांस रूम अडॉप्शन फीचर भी है, जो कमरे के माहौल के हिसाब से साउंड को एडजस्ट करता है।
- इसका एक नैनो-मैट डिस्प्ले वेरिएंट भी पेश किया गया है। इसमें खास एंटी-ग्लेयर तकनीक दी गई है, जिससे स्क्रीन पर रोशनी का रिफ्लेक्शन कम दिखाई देता है। कंपनी के मुताबिक, इससे ग्लेयर 90% से ज्यादा और चमकदार दानेदार असर 50% तक कम हो सकता है।

13MP कैमरा के साथ नाइट विजन की सुविधा
- Echo Show 16 में 13 मेगापिक्सल का वाइड-एंगल कैमरा दिया गया है। इसका इस्तेमाल वीडियो कॉल के दौरान ज्यादा लोगों को एक साथ फ्रेम में दिखाने के लिए किया जा सकता है। इसमें ऑटो-फ्रेमिंग फीचर भी है, जो लोगों के हिलने-डुलने पर कैमरे के फ्रेम को एडजस्ट करता है।
- कंपनी ने Visual ID की रेंज भी बढ़ाई है। अब Alexa यूजर को करीब 17 फीट दूर से पहचान सकती है, जबकि पहले यह रेंज आठ फीट तक थी। पहली बार Echo Show में नाइट विजन फीचर भी दिया गया है। इससे Alexa एप के Live View फीचर के जरिए दिन या रात में घर की निगरानी की जा सकती है।
Fire TV और Alexa+ AI का सपोर्ट
- Echo Show 16 में Fire TV बिल्ट-इन है। यूजर्स Netflix, Disney+, YouTube, Prime Video, HBO Max और दूसरे सपोर्टेड स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म का कंटेंट एक ही जगह देख सकते हैं। इसके साथ रिमोट भी मिलता है, जिससे कंटेंट ब्राउज करना आसान होगा।
- इसमें नया Alexa+ AI भी दिया गया है। अमेजन के मुताबिक, यह पहले के मुकाबले ज्यादा स्वाभाविक बातचीत कर सकता है, मुश्किल सवालों को बेहतर तरीके से समझ सकता है और कई चरणों वाले काम पूरे करने में मदद कर सकता है। उदाहरण के लिए, किसी जैकेट की खरीदारी के लिए पूछने पर Alexa अलग-अलग विकल्पों की तुलना, जरूरी बातों की सूची और संबंधित लिंक दिखा सकती है।
- इसका नया इंटरफेस बातचीत के दौरान कार्ड, वीडियो, कैलेंडर और उपयोगी जानकारी भी दिखाता है। यूजर इन कार्ड्स को बाद में दोबारा देख सकते हैं।

स्मार्ट होम और परिवार का शेड्यूल भी संभालेगा
- Echo Show 16 में तीन नए स्क्रीन स्टाइल दिए गए हैं। Smart Home मोड में यूजर लाइट, थर्मोस्टेट और Alexa से जुड़े दूसरे स्मार्ट डिवाइस कंट्रोल कर सकते हैं। Family Organizer मोड में परिवार का कैलेंडर, कामों की सूची और खाने का प्लान एक जगह देखा जा सकता है। वहीं, Photos मोड में स्क्रीन को डिजिटल फोटो फ्रेम की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है।
- डिवाइस में कमरे का तापमान पहचानने और लोगों की मौजूदगी का पता लगाने वाले सेंसर भी हैं। इनके आधार पर Alexa सपोर्टेड स्मार्ट डिवाइस को अपने आप चालू या बंद करने में मदद कर सकती है।
Echo Show 16 की कीमत
- अमेजन ने Echo Show 16 को ग्लोबल मार्केट में प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध करा दिया है। इसके स्टैंडर्ड डिस्प्ले मॉडल की कीमत $499.99 (करीब 47,600 रुपये) है। वहीं, एंटी-ग्लेयर नैनो-मैट डिस्प्ले वाले वेरिएंट की कीमत $569.99 (करीब 54,300 रुपये) रखी गई है।
- हालांकि, भारत में इसके लॉन्च और कीमत को लेकर कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन उम्मीद है कि इसे जल्द ही भारतीय बाजार में भी उतारा जाएगा।
- कार्बन: 15 साल बाद स्मार्टफोन बाजार में लौटेगा देसी ब्रांड, इस सस्ते 5जी फोन से मचाएगा गदर, Gen-Z पर होगा फोकस
- आईफोन डुओ विवाद: हिंज बनाने वाली कंपनी ने झाड़ा पल्ला, कहा- हमारे पार्ट्स में खराबी नहीं, जानें क्या है मामला
- इंस्टैंट या स्टोरेज गीजर: घर के लिए कौन-सा बेहतर? खरीदने से पहले जान लें क्षमता, बिजली की खपत और कीमत का अंतर
- लाइव टेस्ट में फेल हुआ एपल आईफोन डुओ: महज 75,000 फोल्ड में टूटी स्क्रीन, सैमसंग जेड फोल्ड 8 से बुरी तरह हारा